नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर में आज एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां लोड़ी माता मंदिर में दर्शन करने आए एक 20 वर्षीय युवक की छोटे तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
दर्शन के बाद तालाब पर गए थे दोस्त
जानकारी के अनुसार बड़े गांव बडौदी का रहने वाला 20 वर्षीय शिवराज जाटव अपने साथियों के साथ नरवर स्थित प्रसिद्ध लोड़ी माता मंदिर में दर्शन करने के लिए आया था। माता के दरबार में माथा टेकने के बाद, शाम करीब 4 बजे शिवराज अपने दोस्त अंकेश जाटव और अन्य साथियों के साथ हाथ-मुंह धोने के लिए मंदिर के पास स्थित छोटे तालाब पर गया था।
सीढ़ियों से फिसला पैर, दोस्त की कोशिश भी रही नाकाम
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के साथी अंकेश जाटव ने बताया कि तालाब पर पहुंचने के बाद शिवराज नहाने के इरादे से तालाब की सीढ़ियों पर उतरने लगा। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में चला गया। शिवराज को डूबता देख अंकेश ने बिना वक्त गंवाए उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की और हाथ भी बढ़ाया, लेकिन पानी गहरा होने के कारण वह शिवराज को बचा नहीं सका और देखते ही देखते शिवराज पानी में समा गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
हादसे की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में डूबे युवक शिवराज जाटव के शव को तलाशने के रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक शव को ढूंढने के प्रयास लगातार जारी थे। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।