शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास थाना सीमा में हुई प्राचार्य के घर चोरी की प्लानिंग इंदार थाना सीमा मे रहने वाले शिवकुमार यादव ने की थी। उसने अपने भाई के साथ मिलकर पारदी गिरोह से मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस चोरी काण्ड के बाद 300 कैमरों की रिकॉर्डिंग के बाद एक बोलेरो तक पहुंची और यहां से इस चोरी के तार से तार जुड़ते चले गए है,लेकिन अभी चोरी में गया नकदी 4 लाख रूपए पुलिस ने बरामद किया हैं,सोने-चांदी के गहने अभी बरामद नहीं हुए है। माल बरामद करना मुश्किल है क्योंकि जिले मे इस चोरी से पूर्व पारदी गिरोह ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है चोरी तो ट्रेस हो गई,लेकिन माल बरामद नहीं हुआ है।
बदरवास कस्बे में सांदीपनी स्कूल के प्राचार्य महेन्द्र कुमार पुत्र बाबू लाल गुप्ता उम्र 58 साल निवासी वार्ड क्रमांक-6 के घर पर 22-23 मई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर वहां से तीन किलो चांदी, आधा किलो सोना और दस लाख रुपये नगद चोरी कर लिए थे। पुलिस ने आज चोरी की इस वारदात को खुलासा करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपित फरार बताए जा रहे हैं।
चोरी की इस वारदात को महेंद्र कुमार के मकान को किराए पर लेने वाली जलावर्धन योजना का काम कर रही कंपनी का चौकीदार शिवकुमार यादव पुत्र देशराज सिंह यादव उम्र 35 साल निवासी पीरोंठ थाना इन्दार निकला। उसने की पूरी चोरी का षड़यंत्र अपने मौसेरे भाई शिवजीत यादव पुत्र कृपान सिंह यादव उम्र 22 साल निवासी ग्राम छोटी खजूरी बदरवास के साथ मिलकर रचा। वारदात को अंजाम देने के लिए पारदी गिरोह को बुलवाया। पुलिस ने फिलहाल सातों आरोपितों से चार लाख रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त हुई बुलेरो कार जब्त कर ली है।
इन आरोपितों को किया गिरफ्तार
पुरूषोत्तम गुर्जर पुत्र मोहरसिंह गुर्जर निवासी खेजरा अटारी थाना शाढौरा जिला अशोकनगर, गुज्जर पुत्र जीवा पारदी उम्र 21 साल निवासी ग्राम खेजरा विश्वनगर थाना धरनावदा हाल ग्राम सिंगवासा थाना कैंट, मंगतराम पुत्र रामविलास पारदी उम्र 22 साल निवासी दशहेरा थाना घण्टा घर जिला होशियार पुर पंजाब, मनोज पुत्र रामस्वरूप परिहार उम्र 42 साल निवासी ग्राम मांगरोल, शिवजीत यादव पुत्र कृपान सिंह यादव उम्र 22 साल निवासी ग्राम छोटी खजूरी बदरवास, शिवकुमार यादव पुत्र देशराज सिंह यादव उम्र 35 साल निवासी पीरोंठ थाना इन्दार, धीरज परिहार पुत्र रामसिंह परिहार उम्र 28 साल निवासी ग्राम बगवासा थाना पोहरी।
डेढ़ माह तक रैकी करने के बाद दिया वारदात को अंजाम
एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा ने बताया कि प्राचार्य ने अपने मकान का एक हिस्सा सिंध जलावर्धन योजना का काम कर रही कंपनी को किराए पर दे रखा है। उक्त मकान में बनाए गए स्टोर रूप में चौकीदार के रूप में शिवकुमार यादव पुत्र देशराज सिंह यादव उम्र 35 साल निवासी पीरोंठ थाना इन्दार काम करता है। उसने प्राचार्य के घर के रहन-सहन और पारिवारिक पृष्ठ भूमि काे परखना शुरू किया और अपने मौसेरे भाई शिवजीत यादव निवासी खजूरी बदरवास के साथ मिलकर प्राचार्य के घर में चोरी की वारदात को अंजाम देने का षड़यंत्र रचा। शिवजीत ग्राम बगवासा पोहरी निवासी धीरज परिहार से परिचित था, उसे इस बात की जानकारी थी कि धीरज परिहार पारदी गिरोह के संपर्क में है। शिवजीत ने धीरज के साथ बात कर पारदी गिरोह को बुलाने की योजना बनाई। इस तरह से करीब डेढ़ माह तक प्राचार्य के मकान की रैकी की गई और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
300 कैमरे चैक कर पहुंचे गिरोह तक
एसडीओपी के अनुसार इस घटना का खुलासा करने के लिए शिवपुरी एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने अलग-अलग थानों से थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को चिंहित कर एक बड़ी टीम बनाई। उक्त टीम ने जब पड़ताल शुरू की तो पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों के अलावा एक संदिग्ध बुलेरो कार नजर आई। इस बुलेरो कार में बैठकर सभी बदमाश फरार हुए थे। पुलिस ने बुलेरो कार की तलाश में 300 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और बुलेरो कार तक पहुंच गई। इसके बाद कार के चालक पुरूषोत्तम गुर्जर पुत्र मोहरसिंह गुर्जर निवासी खेजरा अटारी थाना शाढौरा जिला अशोकनगर को पकड़कर पूछताछ की तो चोरी की पूरी वारदात खुलती चली गई।
ये भी रहा खास
उक्त गिरोह ने कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहनिवास में निवासरत अशोकनगर जिले में पदस्थ टीआई बृजमोहन रावत के घर पर 23-24 अप्रैल की दरम्यानी रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल उक्त चोरी का माल बरामद नहीं हुआ है।
-प्राचार्य के घर पर अगर गिरोह को माल नहीं मिलता तो वह उसी रात बलराम धाकड़ सरिया वाले के घर वारदात को अंजाम देते, उनके घर की भी रैकी गिरोह ने कर ली थी।
सोने के जेवर लेकर आरोपित पारदियों के घरों की महिलाएं फरार हो गई हैं। फिलहाल न तो उनकी कोई लोकेशन मिल पा रही है और न ही यह पता चल पा रहा है कि, वह कहां भाग गई हैं। गिरफ्तार आरोपितों के अनुसार फिलहाल सोना बेचा नहीं गया है। सिर्फ नगद राशि का हिस्सा-बांटा हुआ।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।