नरवर। न्यायालय में विचाराधीन एक मामले में समझौता करने का दबाव बनाने, जान से मारने की धमकी देने और परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की कथित धमकियों से परेशान एक महिला ने नरवर थाना पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि आरोपित लगातार उस पर राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं और इंकार करने पर पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड क्रमांक-11 निवासी कमला बघेल ने नरवर थाना प्रभारी को एक लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने बालकिशन कुशवाह, मलखान कुशवाह, राहुल कुशवाह एवं मिथुन कुशवाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उसके द्वारा दर्ज कराए गए एक आपराधिक प्रकरण को लेकर आरोपित पक्ष लगातार समझौते का दबाव बना रहा है।
महिला ने अपने आवेदन में बताया है कि करैरा न्यायालय में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस)-2023 की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 118(1), 351(3), 3(5) एवं 117(2) के तहत मामला विचाराधीन है। इसी प्रकरण को वापस लेने अथवा राजीनामा करने के लिए उस पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है।
समझौता नहीं किया तो पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि आरोपित खुलेआम यह कह रहे हैं कि यदि उसने समझौता नहीं किया तो पूरे परिवार को जान से मरवा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उसे और उसके परिजनों को झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। इन धमकियों के चलते उसका पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव के माहौल में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है।
बेटे पर झूठा मामला दर्ज कराने की भी दी धमकी
महिला ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि आरोपित उसे यह कहकर डरा रहे हैं कि उसका बेटा अब बड़ा हो गया है और वे अपनी लड़की से उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज करवा देंगे। महिला का कहना है कि इस प्रकार की धमकियों का उद्देश्य केवल उसे डराकर समझौते के लिए मजबूर करना है।
पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
महिला ने पुलिस से मांग की है कि आरोपितों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि भविष्य में उसके या उसके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बालकिशन कुशवाह, मलखान कुशवाह, राहुल कुशवाह एवं मिथुन कुशवाह की होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
नरवर थाना पुलिस ने महिला का आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।