शिवपुरी। जिले के दिनारा कस्बे में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक शातिर युवक ने खुद को जीएसटी विभाग का अधिकारी बताकर गल्ला व्यापारी को झांसे में लिया और कुछ ही मिनटों में गल्ले से 41 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। वारदात इतनी सुनियोजित थी कि ठग ने पहले दुकानदार का विश्वास जीता, फिर उसे ब्रांडेड पानी की बोतल लाने के बहाने दुकान से दूर भेज दिया और मौका मिलते ही नकदी लेकर गायब हो गया।
घटना शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। यह वारदात कोटा-झांसी फोरलेन हाईवे पर स्थित दिनारा कस्बे के जनकपुर रोड इलाके में हुई। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
मैं जीएसटी बाबू हूं, सर्वे करने आया हूं
पीड़ित व्यापारी बृजमोहन गुप्ता पुत्र डब्बूराम गुप्ता, निवासी दिनारा, ने बताया कि उनकी जनकपुर रोड पर गल्ले की दुकान है। शनिवार दोपहर एक बाइक सवार युवक दुकान पर पहुंचा। उसने हेलमेट पहन रखा था और खुद को जीएसटी विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि वह सर्वे के लिए आया है। युवक ने बातचीत के दौरान पानी मांगा। व्यापारी ने उसे स्थानीय कंपनी की पानी की बोतल लाकर दी, लेकिन उसने उसे लेने से मना कर दिया और किसी नामी ब्रांड की पानी की बोतल की मांग की।
पानी की बोतल के बहाने रची पूरी साजिश
दुकानदार को यह सामान्य मांग लगी और वह पास की दुकान से एक बच्चे को दुकान की देखरेख के लिए छोड़कर करीब 100 मीटर दूर स्थित दुकान से ब्रांडेड पानी की बोतल लेने चला गया। इसी दौरान ठग ने अपना अगला दांव चला।
बताया जा रहा है कि युवक ने दुकान पर मौजूद बच्चे को भी आलू भुजिया का पैकेट लाने के लिए भेज दिया। बच्चा जब सामान लेने चला गया तो दुकान पूरी तरह खाली हो गई। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने लकड़ी के काउंटर में बने गल्ले को खंगाला और उसमें रखे 41 हजार रुपए निकाल लिए।
लौटकर आया तो गायब था कथित जीएसटी बाबू
जब बृजमोहन गुप्ता पानी की बोतल लेकर वापस लौटे तो उन्हें कथित जीएसटी अधिकारी दुकान पर नहीं मिला। कुछ देर बाद बच्चे के लौटने पर दोनों ने युवक की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी दौरान गल्ले की जांच की गई तो उसमें रखे 41 हजार रुपए गायब मिले। घटना का अहसास होते ही व्यापारी के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत दिनारा थाना पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाना शुरू कर दिया है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
दिनारा थाना प्रभारी रविंद्र कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित ठगी का मामला प्रतीत होता है। पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि, कोई व्यक्ति दुकान पर आता है, बातचीत करता है और हेलमेट तक नहीं उतारता, इसके बावजूद उसे अकेला छोड़कर चले जाना दुकानदार की बड़ी लापरवाही है। आसपास लगे कैमरों की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।