शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के मायापुर थाना क्षेत्र के महुआ खेड़ा गांव में छह साल पुराने सगाई और लेन-देन के विवाद ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। रुपए मांगने पहुंचे ग्वालियर निवासी एक युवक पर कथित तौर पर बाइक सवार तीन लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे युवक की पिंडली में जा लगे, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल को पहले पिछोर अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदारी में आया था, रास्ते में हुआ हमला
जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के पनिहार थाना क्षेत्र के ग्राम पावटा निवासी रामलखन गुर्जर पुत्र सरवन गुर्जर शुक्रवार को रिश्तेदारी में मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम माचमौर आया हुआ था। राम लखन अपने बड़े भाई के साले के साले पंजाब सिंह गुर्जर के साथ महुआ खेड़ा गांव में रहने वाले लल्लू उर्फ राधाकिशन गुर्जर से रुपए लेने जा रहा था। बताया जाता है कि दोनों जैसे ही महुआखेड़ा तालाब के पास पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन लोग वहां आ गए। इनमें लल्लू उर्फ राधाकिशन गुर्जर, उसका बेटा मंगल सिंह गुर्जर और एक अन्य मुंह बांधे युवक शामिल था। आरोप है कि आते ही उन्होंने रामलखन पर फायरिंग कर दी।
पिंडली में लगे छर्रे, मच गई अफरा-तफरी
फायरिंग में निकले छर्रे राम लखन के दाहिने पैर की पिंडली में जा लगे। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल पिछोर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया।
6 साल पुरानी सगाई से जुड़ा है विवाद
घायल रामलखन के अनुसार विवाद की जड़ करीब छह साल पुरानी है। उसने बताया कि उसके छोटे भाई की सगाई लल्लू गुर्जर की बेटी से हुई थी। उस समय दोनों की उम्र कम थी। सगाई के बाद लल्लू गुर्जर ने जमीन खरीदने की बात कहकर परिवार से करीब 7 लाख रुपए ले लिए थे। राम लखन का आरोप है कि बाद में यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ पाया, लेकिन रुपए वापस नहीं किए गए। पिछले चार वर्षों से वह लगातार अपनी रकम वापस मांग रहा था। कई बार बातचीत और समझौते के प्रयास भी हुए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
पंचायत में भी हुआ था विवाद
पीड़ित का कहना है कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत में भी विवाद और कहासुनी हुई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। शुक्रवार को वह रुपए लेने के उद्देश्य से ही आरोपी के पास जा रहा था, तभी उस पर हमला कर दिया गया।
पुलिस जुटी जांच में
मायापुर थाना पुलिस ने घायल की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घायल के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला पुराने लेन-देन और पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही मामले में गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।