बैराड। शिवपुरी जिले के पोहरी अनुविभाग के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरीकला में शनिवार रात एक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की करंट लगने से मौत हो गई। कूलर में पानी डालते समय अचानक करंट की चपेट में आने से किशोर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देवरीकला निवासी मुकेश शर्मा अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। शनिवार रात भीषण गर्मी के बीच घर में चल रहे कूलर का पानी खत्म हो गया था। इसी दौरान उनका 13 वर्षीय पुत्र सोनू उर्फ मिलन शर्मा कूलर में पानी भरने के लिए गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने लोहे के कूलर की टटिया खोली, अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट लगते ही सोनू जोर से जमीन पर गिर पड़ा।
घटना देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल कूलर की बिजली सप्लाई बंद की गई। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए बैराड़ अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और गर्मी के मौसम में कूलर, पंखे तथा अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। किसी भी उपकरण में पानी भरने या सफाई करने से पहले उसकी बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद कर देनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।