शिवपुरी। गायत्री परिवार की वरिष्ठ परिजन एवं जिला महिला मंडल की प्रभारी श्रीमती विजय लक्ष्मी शर्मा का मंगलवार 9 जून 2026 को आकस्मिक निधन हो गया। जानकारी के अनुसार वह गायत्री मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंची थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हृदय गति रुकने के कारण उनका निधन हो गया।
श्रीमती शर्मा लंबे समय से जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट से जुड़ी हुई थीं और संगठन की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं संस्कार निर्माण गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही थीं। महिला मंडल की प्रभारी के रूप में उन्होंने जिलेभर की महिलाओं को गायत्री परिवार के विचारों और सामाजिक अभियानों से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों में शोक व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके निवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और श्रद्धांजलि अर्पित की।
गायत्री परिवार ने बताया अपूरणीय क्षति
जिला गायत्री परिवार ट्रस्ट ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्रीमती विजय लक्ष्मी शर्मा का निधन संगठन एवं संपूर्ण क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जीवनभर समाज सेवा, संस्कार जागरण और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया। उनका सरल, सौम्य और सेवाभावी व्यक्तित्व सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत था।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि उनके द्वारा किए गए कार्य और समाज के प्रति समर्पण को हमेशा स्मरण किया जाएगा। गायत्री परिवार के सभी परिजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
अंतिम यात्रा,बुधवार 10 जून को
श्रीमती विजय लक्ष्मी शर्मा की अंतिम यात्रा बुधवार 10 जून को उनके निज निवास, गुलाब साहब की दरगाह के पास स्थित शिवा नगर से प्रातः 9 बजे मुक्तिधाम के लिए प्रस्थान करेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।