शिवपुरी। शिवपुरी शहर में सड़कों को खोदकर डाली गई सीवर लाइन का उपयोग क्राईम के लिए भी होता देखा गया है। शिवपुरी के देहात थाना सीमा मे स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट मे एक नग्न अवस्था में युवक की लाश मिली है। प्लांट के कर्मचारियों का कहना है कि यह लाश सीवर लाइन से बहकर प्लांट तक आई है। इसका सीधा अर्थ है कि युवक की मौत और अन्य किसी स्थान पर हुई है और लाश कही ओर मिली है। फिलहाल लाश की पहचान नहीं हो सकी है,पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शिवपुरी-झांसी लिंक रोड स्थित रणजीत हनुमान मंदिर के सामने स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट मे आज दोपहर एक युवक की लाश निर्वस्त्र अवस्था में मिली है। युवक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक मृतक की उम्र 30 से 40 वर्ष के बीच है। शव करीब 10 से 15 दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
सीवर लाइन से बहकर पहुंचने की आशंका
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि शव संभवतः सीवर पाइपलाइन के जरिए बहकर प्लांट तक पहुंचा है। इसी आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस हत्या की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को सीवर लाइन में फेंका गया हो, जो बहकर ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच गया।
पहचान के प्रयास जारी
देहात थाना पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक की पहचान के लिए उसके फोटो आसपास के थानों को भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।