शिवपुरी। जिले में एक बार फिर जमीन और नामांतरण विवाद का मामला सामने आया है। कोलारस तहसील क्षेत्र की एक महिला ने प्रशासन से शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उनकी कृषि भूमि पर फर्जी तरीके से नामांतरण करा लिया गया। महिला ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता किरण बाई जाटव, निवासी ग्राम मितौजीकलां तहसील कोलारस ने आवेदन देकर बताया कि उसके पिता गोपी जाटव पुत्र झीगुरिया जाटव के स्वामित्व की कृषि भूमि ग्राम सुजवाया टप्पा, तहसील खरई, जिला शिवपुरी में स्थित है। उक्त भूमि सर्वे नंबर 137/1 रकबा 1.0280 हेक्टेयर दर्ज है।
आवेदिका का आरोप है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उसके ताऊ केशरिया जाटव की पुत्रियों प्रेम और गुड्डी ने राजस्व रिकॉर्ड में अपने नाम का फर्जी फौती नामांतरण करा लिया। वर्तमान में भूमि के राजस्व अभिलेखों में उनके नाम दर्ज हैं। महिला का कहना है कि यह नामांतरण नियमों के विपरीत हुआ है, जिसे निरस्त कराने के लिए उसने सक्षम न्यायालय में प्रकरण भी प्रस्तुत कर दिया है।
किरण बाई ने आवेदन में दावा किया है कि वह अपने पिता की एकमात्र वैध संतान और उत्तराधिकारी है तथा उसके अलावा गोपी जाटव का कोई अन्य वैध वारिस नहीं है। ऐसे में भूमि पर उसका ही अधिकार बनता है,लेकिन कागजो में मुझे मृत घोषित कर दिया गया है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेम और गुड्डी जाटव उक्त भूमि पर कब्जा करने की नीयत से लगातार प्रयास कर रही हैं। उनके द्वारा मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता की धारा 250 के तहत प्रकरण भी दर्ज कराया गया है तथा भूमि का सीमांकन कराया जा रहा है। आवेदिका का कहना है कि उसके पिता के समय से ही भूमि पर उसका कब्जा रहा है और वर्तमान में उसने खेती के लिए भूमि बटाई पर दे रखी है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि भूमि विवाद को लेकर आए दिन विवाद और झगड़े की स्थिति बन रही है। इससे वह और उसका परिवार परेशान है। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि कथित फर्जी फौती नामांतरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।