शिवपुरी मे हाथ पैर की खुजली से विवाहिता की मौत, हंगामा

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। 
शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत खजूरी गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। मायके पक्ष ने महिला की मौत को सामान्य मानने से साफ इनकार करते हुए इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। 

मंगलवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब मृतका के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव वाहन (एंबुलेंस) को बीच रास्ते में ही रोक लिया और न्याय की मांग को लेकर सीधे सिरसौद थाने पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है और मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

बीच रास्ते में एंबुलेंस रोककर थाने पहुंचे परिजन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका कल्पना शाक्य (उम्र 24 वर्ष) की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मौत के बाद उसका पति राकेश शाक्य शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव खजूरी ले जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने एंबुलेंस को रुकवा लिया।

मायके वालों का आरोप था कि उन्हें कल्पना की बीमारी के संबंध में ससुराल पक्ष द्वारा कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी, बल्कि उन्हें सीधे उसकी मौत की खबर दी गई, जिससे पूरी घटना अत्यंत संदिग्ध प्रतीत होती है। परिजन शव को लेकर सीधे सिरसौद थाने पहुंचे, जिसके कारण थाने में मंगलवार को दिनभर गहमागहमी और हंगामे की स्थिति बनी रही।

पति का दावा, अचानक बिगड़ी थी तबीयत
दूसरी ओर, मृतका के पति राकेश शाक्य ने हत्या के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे बीमारी से हुई सामान्य मौत बताया है। राकेश के अनुसार सोमवार को कल्पना की तबीयत अचानक खराब हुई थी,उसे हाथ-पैर में तेज खुजली, पेट में असहनीय दर्द और हाथ में गंभीर सूजन की शिकायत थी। प्राथमिक स्थिति को देखते हुए उसे सबसे पहले शिवपुरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां हालत में कोई सुधार न होने पर वे उसे शिवपुरी शहर के निजी चतुर्भुज अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया।

भाई ने लगाए गंभीर आरोप,पहले भी होती थी मारपीट
मृतका के भाई मोनू शाक्य ने पुलिस के सामने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप मढ़े हैं। मोनू का कहना है कि उसकी बहन कल्पना के साथ ससुराल में पहले भी कई बार मारपीट और घरेलू हिंसा की घटनाएं हो चुकी थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीमारी की कहानी महज एक दिखावा और अपनी चमड़ी बचाने का बहाना है, असल में कल्पना की हत्या की गई है।

पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाने में बढ़ते आक्रोश और हंगामे को देखते हुए सिरसौद थाना पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए बुधवार को चिकित्सकों के एक विशेष पैनल द्वारा मृतका के शव का पोस्टमार्टम (PM) कराया गया है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!