शिवपुरी, रेफर की गई प्रसूता, एंबुलेंस का इंतजार और फिर अस्पताल में हंगामा

vikas
0
shivpuri samachar

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले के पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गंभीर हालत में भर्ती एक प्रसूता को समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। प्रसूता की हालत बिगड़ती देख उसके परिजन और अटेंडर भड़क गए तथा अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मामले में डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार 18 मई की रात करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा से परेशान रूबी यादव को पौहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अंकेश धाकड़ ने जांच के दौरान पाया कि महिला की बच्चेदानी की थैली फट चुकी थी। डॉक्टर के मुताबिक स्थिति गंभीर थी और जच्चा-बच्चा दोनों की जान को खतरा हो सकता था। इसी कारण प्रसूता को तत्काल जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि अस्पताल में उस समय कोई एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया गया, लेकिन उसे पहुंचने में समय लग रहा था। इसी देरी को लेकर प्रसूता के परिजन और अटेंडर नाराज हो गए।

आरोप है कि इसी दौरान किशोरी कुशवाह और राकेश यादव अपने कुछ साथियों के साथ अस्पताल के ड्यूटी रूम में पहुंच गए। बताया जा रहा है कि वे शराब के नशे में थे। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अंकेश धाकड़, स्टाफ नर्स सीमा बरवा और कर्मचारी रघुराज धाकड़ के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। अस्पताल स्टाफ के अनुसार आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया और शासकीय कार्य में बाधा डाली। इतना ही नहीं, ड्यूटी स्टाफ को जान से मारने और मारपीट करने की धमकियां भी दी गईं।

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोरी कुशवाह, राकेश यादव और उनके अन्य साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, घटना ने एक बार फिर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंभीर मरीजों के रेफरल के समय एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होना मरीजों की जान के लिए खतरा बन सकता है। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!