शिवपुरी। शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत रातिकिरार गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मजदूरी करने जा रहे युवक को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर का पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय दीनू कुशवाह पुत्र विजय सिंह कुशवाह निवासी मंशापूर्ण के रूप में हुई है। बताया गया है कि दीनू वर्तमान में बछौरा में रहकर सेंटिंग का काम करता था और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था।
मजदूरी के लिए निकला था घर से
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर दीनू अन्य मजदूरों के साथ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मजदूरी के लिए जा रहा था। जब ट्रैक्टर-ट्रॉली रातिकिरार गांव के बाहर पहुंची तो उसे कुछ देर के लिए रोका गया। इसी दौरान दीनू ट्रॉली से उतरकर सड़क पार करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दीनू सड़क पर गिर पड़ा और ट्रैक्टर का टायर उसके शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार बताया जा रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।