शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बामोरखुर्द गांव से दो महिलाओं के कथित रूप से बहला-फुसलाकर ले जाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पतियों ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंग युवक उनकी पत्नियों को अपने साथ ले गए और साथ में घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी भी ले गए।
मामले में पुलिस द्वारा अपहरण का केस दर्ज नहीं किए जाने से नाराज दोनों पीड़ित मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ितों का आरोप है कि उनकी पत्नियों को बंधक बनाकर रखा गया है और उनकी जान को खतरा है।
रात 2 बजे घर पहुंचे आरोपी, महिलाओं को साथ ले जाने का आरोप
पीड़ित दिलीप जाटव और राजपाल जाटव ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि 19 मई 2026 की रात करीब 2 बजे गांव के कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पत्नियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी लगी तो गांव और रिश्तेदारी में काफी तलाश की गई, लेकिन महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। पीड़ितों का कहना है कि बाद में आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्हें पुलिस में शिकायत नहीं करने की धमकी दी गई।
जेवर और नगदी भी साथ ले जाने का आरोप
आवेदन के अनुसार, दिलीप जाटव की पत्नी मंजू जाटव अपने साथ सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधौनी, पायल, सोने की हाय और करीब 20 हजार रुपये नगद लेकर गई हैं।वहीं राजपाल जाटव की पत्नी रीना बाई जाटव के पास सोने का मंगलसूत्र, चांदी की करधौनी, बिछिया और लगभग 90 हजार रुपये नगद बताए गए हैं। पीड़ित परिवारों का कहना है कि महिलाओं के साथ बड़ी मात्रा में जेवर और नकदी जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
बंधक बनाकर रखा गया है
पीड़ितों ने आवेदन में नारायण जाटव, बिजेंद्र जाटव और धारा जाटव पर पूरे मामले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपी उनकी पत्नियों को अपने कब्जे में रखे हुए हैं और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
राजपाल जाटव ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों में से एक युवक उसका मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया है। उसे डर है कि मोबाइल का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
पुलिस पर भी लगाए गंभीर आरोप
दोनों पीड़ितों का कहना है कि घटना के बाद वे इंदार थाने पहुंचे थे और आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराने की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने अपहरण की एफआईआर दर्ज करने के बजाय केवल गुमशुदगी दर्ज कर ली। इससे पीड़ित परिवारों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही।
SP से लगाई न्याय की गुहार
मंगलवार को दोनों पीड़ित परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए, उनकी पत्नियों को सुरक्षित बरामद किया जाए और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
%20(1).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।