शिवपुरी में युवाओ को नौकरी का मौका, फ्लिपकार्ट समेत कई बड़ी कंपनियां करेंगी भर्ती

vikas
0
shivpuri samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मध्यप्रदेश शासन द्वारा 28 मई को शासकीय अवकाश घोषित किए जाने के बाद अब जिला स्तरीय “युवा संगम” कार्यक्रम 27 मई को आयोजित किया जाएगा। यह रोजगार मेला शासकीय आईटीआई, झांसी रोड शिवपुरी में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।

कार्यक्रम का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के निर्देशन में किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।

5वीं पास से लेकर डिप्लोमा धारक तक ले सकेंगे हिस्सा

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस रोजगार मेले में साक्षर, 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा धारक युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आयु सीमा 18 से 48 वर्ष निर्धारित की गई है। रोजगार मेले में निजी कंपनियों द्वारा मौके पर ही साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे जिले के युवाओं को बाहर भटकने के बजाय स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

रोजगार के साथ स्वरोजगार योजनाओं का भी लाभ

युवा संगम कार्यक्रम केवल नौकरी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ वितरण भी किया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कई प्रतिष्ठित कंपनियां करेंगी भर्ती

इस रोजगार मेले में देश के अलग-अलग राज्यों की प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेने आ रही हैं। इनमें ऑटोमोबाइल, सोलर, इलेक्ट्रिकल, फार्मा, ई-कॉमर्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाली प्रमुख कंपनियों में अतुल ऑटो लिमिटेड अहमदाबाद, रेजॉन सोलर लिमिटेड सूरत, सिनोवा गियर एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड राजकोट, रवि टेक्नोफोर्ग लिमिटेड राजकोट, ऊनो मिंडा अहमदाबाद, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड राजकोट, विशाल बेरिंग लिमिटेड अहमदाबाद, केल्विन पाइप प्राइवेट लिमिटेड राजकोट, कोरोना रिमेडीज लिमिटेड अहमदाबाद, फ्लिपकार्ट अहमदाबाद, आरएसडब्ल्यूएम ऋषदेव लिमिटेड उदयपुर, विराट बायो प्लांटेक प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद और सावित्री मैन पावर सर्विस अहमदाबाद सहित अन्य कंपनियां शामिल रहेंगी।

युवाओं से दस्तावेज लेकर पहुंचने की अपील

जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से अपील की है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, रिज्यूमे एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यक्रम में पहुंचे।प्रशासन को उम्मीद है कि इस कार्यक्रम से जिले के बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे तथा उनके भविष्य को नई दिशा मिलेगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!