शिवपुरी में एक सप्ताह पहले 25 डिग्री था तापमान, अब 38 डिग्री, प्रतिदिन चढ़ेगा पारा

vikas
0

The temperature in Shivpuri district

शिवपुरी। जिले में अब गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान लगातार 38 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। तेज धूप, उमस और गर्म हवाओं ने लोगों की दिनचर्या पर असर डालना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय हालात ऐसे रहे कि बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ने वाली है। मौसम वैज्ञानिक धीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि फिलहाल मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। आसमान में दिखाई दे रहे हल्के बादल जल्द हट जाएंगे और अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लू जैसे हालात बनने की संभावना जताई गई है।

दोपहर में सुनसान हुए बाजार
रविवार सुबह से ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगा था। दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर 2 बजे के बाद शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और चौराहों पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम आवाजाही देखने को मिली। लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों पर देखने को मिला। कई स्थानों पर लोग पेड़ों की छांव और ठंडे पानी की तलाश करते नजर आए।

एक सप्ताह पहले मौसम था सुहावना
मई माह की शुरुआत में मौसम का मिजाज पूरी तरह अलग था। एक सप्ताह पहले तक शिवपुरी जिले का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास बना हुआ था। उस दौरान बारिश और आंधी के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली थी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान की ओर से करीब 9 किलोमीटर ऊंचाई पर गुजर रही ट्रफ लाइन के प्रभाव से जिले में बारिश और आंधी का दौर बना हुआ था। इसी कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी।

8 मई से बदला मौसम का मिजाज
मौसम विभाग ने 7 मई को ही संकेत दे दिए थे कि बारिश का दौर समाप्त होने वाला है और इसके बाद तेज धूप के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। 8 मई से आसमान साफ होना शुरू हुआ और इसके बाद पारे में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मौसम इसी तरह साफ बना रहा तो आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक परेशान कर सकती है। लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!