शिवपुरी। शिवपुरी यातायात पुलिस वर्तमान समय में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर के निर्देश पर यातायात का विशेष अभियान चला रही है। आज सोमवार को शहर में बढ़ते सड़क हादसों और नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने की घटनाओं को देखते हुए शिवपुरी यातायात पुलिस ने सोमवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एमएम चौराहा, अग्रसेन तिराहा और पोहरी चौराहा सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान कई नाबालिग दोपहिया वाहन चलाते मिले, जिन्हें पकड़कर यातायात थाने लाया गया। यहां पुलिस ने उनके माता-पिता को बुलाकर समझाइश दी और भविष्य में बच्चों को वाहन न देने की चेतावनी दी।
हादसों के आंकड़ों ने बढ़ाई चिंता
यातायात पुलिस ने अभिभावकों को जागरूक करने के लिए पिछले 16 महीनों के सड़क हादसों के आंकड़े भी साझा किए,यातायात प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से अप्रैल 2026 तक शिवपुरी शहर में बिना हेलमेट वाहन चलाने के कारण हुए हादसों में कुल दुर्घटनाएं 171 दुर्घटना हुई है इसमें 241 लोग घायल हुए और इनमे से 30 लोगों की मौत हुई है। इनमें से अधिकांश मौत का कारण हेड इंजरी रहा है।
इन आंकड़ों को देखकर कई अभिभावक भी गंभीर नजर आए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अधिकांश हादसों में हेलमेट नहीं पहनना और कम उम्र में लापरवाही से वाहन चलाना बड़ी वजह बनकर सामने आया है।
बच्चों और अभिभावकों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नाबालिगों और उनके अभिभावकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई। उन्हें भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने का संकल्प दिलाया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि केवल चालान काटने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि लोगों को जागरूक करना भी जरूरी है।
एसपी ने शहर भ्रमण में देखी थी लापरवाही
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि हाल ही में शहर भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बड़ी संख्या में नाबालिगों को दोपहिया वाहन चलाते देखा था। इसके बाद विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चों को बाइक देना केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनकी जान को खतरे में डालना भी है।
बच्चों को बाइक नहीं, साइकिल दे
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे कम उम्र के बच्चों को दोपहिया वाहन उपलब्ध कराने के बजाय साइकिल दें। पुलिस ने कहा कि कम दूरी के लिए बच्चों को पैदल जाने की आदत डालें और लंबी दूरी के लिए सुरक्षित साधनों जैसे टैक्सी या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। पुलिस का मानना है कि यदि अभिभावक जिम्मेदारी दिखाएं तो सड़क हादसों में बड़ी कमी लाई जा सकती है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।