शिवपुरी। बिजली उपभोक्ताओं को अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बिजली कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बिजली कंपनी 14 मई से अपने पूरे कार्यक्षेत्र में सम्पर्क अभियान 2026 शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत हर वितरण केंद्र पर साल भर में 8 शिविर लगाए जाएंगे, जहां उपभोक्ताओं की बिजली बिल, मीटर, वोल्टेज, नए कनेक्शन और भुगतान संबंधी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
बिजली कंपनी शिवपुरी डिवीजन-1 के अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना और सेवाओं को अधिक उपभोक्ता केंद्रित बनाना है।
गलत बिल और मीटर रीडिंग की शिकायतें होंगी दूर
अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में उपभोक्ताओं की त्रुटिपूर्ण बिजली बिल, गलत मीटर रीडिंग और अन्य बिलिंग संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के मीटर बंद या खराब हैं, उन्हें मौके पर बदलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों, सर्विस केबल सुधार, वोल्टेज समस्या और ट्रांसफार्मर से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों पर भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को सिर्फ 5 रुपए में नया कनेक्शन
अभियान के तहत ग्रामीण घरेलू और कृषि पंप उपभोक्ताओं को मात्र 5 रुपए में नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, स्थायी कनेक्शन विच्छेदन, अस्थायी कनेक्शन, ई-केवाईसी और एनओसी जैसी सेवाओं के आवेदन भी शिविरों में स्वीकार किए जाएंगे। बिजली कंपनी का दावा है कि इस पहल से उपभोक्ताओं को लंबी प्रक्रिया और कार्यालयों की भागदौड़ से राहत मिलेगी।
चार अलग-अलग काउंटरों पर मिलेंगी सुविधाएं
शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार अलग-अलग काउंटर बनाए जाएंगे।
काउंटर-1 : हेल्प डेस्क
यहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे और उन्हें टोकन दिए जाएंगे।
काउंटर-2 : बिलिंग सुधार
गलत रीडिंग, अधिक बिल और अन्य बिलिंग शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
काउंटर-3 : नया कनेक्शन एवं अन्य सेवाएं
5 रुपए में नया कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन सहित विभिन्न सेवाओं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
काउंटर-4 : तकनीकी सेवाएं एवं भुगतान
बंद मीटर बदलने, वोल्टेज समस्या और बकाया राशि भुगतान से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
बिजली कंपनी के डीएमजी श्रवण पटेल ने बताया कि
अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को त्वरित समाधान देना है, ताकि उन्हें बार-बार बिजली कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि कंपनी चाहती है कि शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक ही सभी सुविधाएं उपलब्ध हों और शिकायतों का उसी दिन निराकरण किया जा सके।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।