शिवपुरी। शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सलैया गांव में तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। गांव के बीच स्थित हनुमान मंदिर की पहाड़ी पर मंगलवार रात तेंदुआ दिखाई देने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि ग्रामीण अब रातभर जागकर गांव की सुरक्षा करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने अपने परिवार और पालतू जानवरों की सुरक्षा के लिए खुद ही मोर्चा संभाल लिया है। गांव में 20 से 30 लोगों की अलग-अलग टोलियां बनाई गई हैं, जो रातभर गांव और पहाड़ी क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। हाथों में टॉर्च और लाठियां लेकर ग्रामीण रातभर गश्त कर रहे हैं ताकि तेंदुआ दोबारा गांव की ओर न आ सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो से तीन दिनों से पूरे गांव में भय का वातावरण बना हुआ है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो जाते हैं। बच्चों और महिलाओं में सबसे ज्यादा डर है। कई परिवारों ने छोटे बच्चों को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया है, जबकि पशुपालक अपने मवेशियों को घरों के पास ही बांधकर रख रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मंगलवार रात ही वन विभाग को तेंदुए के गांव में आने की सूचना दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो कोई रेस्क्यू टीम पहुंची और न ही निगरानी के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
जनपद सदस्य बल्लू लोधी ने भी मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं वन विभाग को तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी दी थी। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि गांव के लोग डर के साए में जी रहे हैं और प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
गांव में हालात ऐसे बन गए हैं कि रात होते ही लोग समूह बनाकर पहरा देने निकल पड़ते हैं। कुछ ग्रामीण मंदिर की पहाड़ी के आसपास निगरानी कर रहे हैं, जबकि अन्य गांव के प्रवेश मार्गों पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ दोबारा गांव में घुसा तो बच्चों और बुजुर्गों की जान खतरे में पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तत्काल रेस्क्यू या विशेष निगरानी दल गांव भेजा जाए। साथ ही तेंदुए को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने की कार्रवाई की जाए, ताकि गांव में फैला डर खत्म हो सके और लोग सामान्य जीवन जी सकें।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।