बदरवास। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा एनएच-46 स्थित ईश्वरी ओवरब्रिज पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बच्ची के माता-पिता और बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, रन्नौद थाना क्षेत्र के अकोदा गांव निवासी 35 वर्षीय वीर सिंह पाल अपनी पत्नी राजकुमारी पाल और दो बेटियों देविका व पल्लवी के साथ बाइक से गुना में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान ईश्वरी ओवरब्रिज पर ट्रक क्रमांक MP 04 GB 0156 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बदरवास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय देविका को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल पल्लवी और उसके माता-पिता को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बदरवास थाना पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।