शिवपुरी। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बड़ी सब्जी मंडी के सामने स्थित एक दुकान से खरीदे गए टोस्ट के पैकेट में मरी हुई सूखी छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। चिंताजनक बात यह है कि उसी ब्रांड के एक अन्य पैकेट का सेवन परिवार के बच्चे पहले ही कर चुके थे। दूसरे पैकेट को खोलते समय जब टोस्ट के बीच सूखी छिपकली दिखाई दी तो पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। घटना के बाद उपभोक्ता ने दुकानदार से शिकायत कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
शिवपुरी शहर के कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी एवं जय श्री राम कृषि सेवा केंद्र के संचालक सत्येंद्र धाकड़ ने खाद्य सामग्री में गंभीर लापरवाही का मामला उजागर किया है। उन्होंने बताया कि वे अपने बच्चों के लिए नियमित रूप से बाजार से टोस्ट के पैकेट खरीदते हैं। कुछ दिन पहले भी उन्होंने बड़ी सब्जी मंडी के सामने स्थित एक दुकान से टोस्ट के कई पैकेट खरीदे थे।
परिवार के बच्चों ने इनमें से एक पैकेट खोलकर टोस्ट खा लिए थे। इसके बाद जब दूसरा पैकेट खोला गया तो शुरुआत में सब कुछ सामान्य लगा। लेकिन जैसे ही कुछ टोस्ट बाहर निकाले गए, पैकेट के अंदर एक मरी हुई सूखी छिपकली दिखाई दी। यह दृश्य देखकर बच्चे बुरी तरह घबरा गए और परिवार के अन्य सदस्य भी हैरान रह गए।
परिजनों ने तत्काल पैकेट को अलग रख दिया और पूरे मामले की जानकारी दुकानदार को देने का निर्णय लिया। सत्येंद्र धाकड़ टोस्ट का पैकेट लेकर संबंधित दुकान पर पहुंचे और वहां इस गंभीर लापरवाही पर आपत्ति जताई।
दुकानदार ने सप्लायर पर डाली जिम्मेदारी
शिकायत मिलने पर दुकानदार ने कहा कि वह संबंधित कंपनी अथवा सप्लायर से सीलबंद पैकेट खरीदकर बेचता है। पैकेट के अंदर क्या सामग्री है, इसकी जानकारी उसे नहीं होती। दुकानदार ने आश्वासन दिया कि सप्लायर के आने पर उसे इस मामले से अवगत कराया जाएगा और शिकायत दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।