दिनारा। शिवपुरी जिले के करैरा अनुविभाग के दिनारा थाना सीमा में एक पति ने शराब के नशे में पत्नी का कान काट लिया,जिससे विवाहिता गंभीर रूप से घायल हो गई,वही दिनारा थाने के कुंड गांव मे पत्नि ने अपने कानों को कुंडल देने से मना कर दिया ससुरालियों ने मिलकर उसकी मारपीट कर दी। दोनो ही घटनाओं में पीड़िताओं के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया हैं।
दांतो से कान काट लिया
दिनारा कस्बे की खाती बाबा कॉलोनी निवासी विनीता प्रजापति ने बताया गया है कि उसका पति अनिल प्रजापति शराब के नशे में करीब रात 2 बजे घर पहुंचा। घर आते ही उसने पत्नी से पैर दबाने को कहा। विनीता ने पति की बात मानते हुए पैर दबाना शुरू कर दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद अनिल गाली-गलौज करने लगा और विवाद करने लगा।
विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पहले पत्नी के बाएं कान पर जोरदार थप्पड़ मारा और फिर हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके दाहिने कान को दांतों से काट लिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने दिनारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
कुंडल न देने पर विवाहिता की बेरहमी से पिटाई
दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुंड में भी घरेलू प्रताड़ना का एक और मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय सुहानी यादव ने अपने पति, सास और जेठ पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में सुहानी ने बताया कि 29 मई की शाम उसके पति अभिषेक यादव उससे कानों के सोने के कुंडल मांग रहे थे।
जब उसने कुंडल देने से इनकार कर दिया तो पति अभिषेक यादव, सास महादेवी और जेठ धर्मेंद्र यादव भड़क गए। तीनों ने पहले गालियां दीं और विरोध करने पर लात-घूंसों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में सुहानी के पेट, पीठ और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता की शिकायत पर दिनारा थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।