शिवपुरी, भीम आर्मी नेता के खिलाफ उसी की बहू द्वारा आत्मदाह का प्रयास, पढ़िए मामला

vikas
0

shivpuri news

शिवपरी। शिवपुरी शहर के व्यस्त माधव चौक पर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ पहुंची और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर धरने पर बैठ गई। महिला ने आरोप लगाया कि लंबे समय से न्याय नहीं मिलने और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और महिला को समझाइश देकर थाने ले गई। पुलिस ने मामले में जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

देहात थाना क्षेत्र के रायश्री गांव की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे छोड़ दिया है और दूसरी महिला के साथ रहने लगा है। महिला का कहना है कि उसके ममिया ससुर एवं भीम आर्मी नेता ठाकुर लाल जाटव, सास और देवर ने मिलकर उसके पति को उसके खिलाफ भड़काया और परिवार से अलग कर दिया।

महिला ने बताया कि पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ सरकारी जमीन पर बने एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर है। उसने आशंका जताई कि प्रशासन कभी भी उस जमीन से उसे बेदखल कर सकता है, जिससे उसके बच्चों के सामने रहने और जीवनयापन का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि परिवार की जमीन को ठाकुर लाल जाटव द्वारा बिकवा दिया गया, लेकिन उसे उसका वैधानिक हिस्सा नहीं दिया गया। वह लंबे समय से अपने हिस्से की मांग कर रही है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

विवाद के दौरान महिला ने ठाकुरलाल जाटव और उसके साथियों पर मारपीट करने तथा उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के भी गंभीर आरोप लगाए। महिला का कहना है कि इस संबंध में पहले भी थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

कार्रवाई न होने से नाराज महिला गुरुवार को बच्चों को साथ लेकर माधव चौक पहुंची और पेट्रोल छिड़ककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर तक न्याय की मांग करती रही और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताती रही।

फिलहाल पुलिस ने महिला को सुरक्षित थाने पहुंचाकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर तथ्य सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!