शिवपुरी। शिवपुरी जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में मंगलवार को दो अलग-अलग दर्दनाक मौतों ने माहौल गमगीन कर दिया। एक ओर घर के बाहर बैठे बुजुर्ग पर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर एक व्यक्ति ने जहरीली दवा का सेवन कर अपनी जान गंवा दी। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के राजा की मुड़ेरी गांव की है। बताया जा रहा है कि 65 वर्षीय डोंगर सिंह तोमर मंगलवार को अपने घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान घर तक बिछाई गई बिजली लाइन का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर आ गिरा। तार में करंट दौड़ रहा था, जिससे डोंगर सिंह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सिरसौद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरा मामला शहर के सर्किट हाउस रोड क्षेत्र का है। यहां रहने वाले 50 वर्षीय सरवन पाल ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीली दवा का सेवन कर लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ी तो परिजन तुरंत उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि सरवन पाल ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।