शिवपुरी। कोटा-झांसी फोरलेन हाईवे पर बने गहरे गड्ढे एक महिला की जिंदगी निगल गए। मझेरा घाटी क्षेत्र में सड़क की बदहाली के कारण बाइक अनियंत्रित हुई और महिला सड़क पर गिर गई। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बेटे के सामने ही मां की दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के ग्राम गोरा भूवका निवासी 40 वर्षीय प्रतिमा प्रजापति पत्नी पिंटू प्रजापति अपने बेटे अंकित प्रजापति के साथ बाइक से राजस्थान के कोटा जा रही थीं। कोटा में प्रतिमा पानी की टिक्की बेचकर परिवार का पालन-पोषण करती थीं।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब मां-बेटा शिवपुरी के मझेरा घाटी क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी फोरलेन हाईवे पर बने गहरे गड्ढों के कारण बाइक असंतुलित हो गई। झटके के साथ प्रतिमा बाइक से नीचे गिर पड़ीं और उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में प्रतिमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा सुरक्षित बच गया। बाइक भी हल्की क्षतिग्रस्त हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मझेरा घाटी क्षेत्र में लंबे समय से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिनके कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग मरम्मत को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।