​विनैगा आश्रम पर भंडारा खाने गई दो महिलाएं गायब, पति ने लगाई गुहार | Shivpuri News

शिवपुरी। खबर शहर से लगे गांव चंदनपुरा गांव से दो विवाहित महिलाएं लापता हैं। दोनों ही घर से बिनैगा आश्रम भंडारे में शामिल होने गईं थीं। दस दिन बीत जाने के बाद भी दोनों घर लौटकर नहीं आईं हैं। पुलिस थाने में मामले की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। लेकिन अभी तक दोनाें का सुराग नहीं लग सका है। 

जानकारी के अनुसार कल्याण जाटव निवासी चंदनपुरा ने बताया कि वह स्वयं व चाचा का लड़का परमाल जाटव मकान बनाने का ठेका लेकर कोलारस काम करने गए थे। पत्नी लाली जाटव और परमाल की पत्नी लक्ष्मी जाटव 6 जनवरी को घर से बिनैगा आश्रम भंडारे में शामिल होने गईं थीं। जबकि घर पर तीन साल के बेटे गौरव को छोड़ गईं। 

भंडारे में शामिल होने के बाद दोनों ही घर नहीं लौटीं। घर नहीं लौटने पर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। कल्याण का कहना है कि गूगरीपुरा गांव का रहने वाला अरविंद नामक युवक चुनाव प्रचार के दौरान उनके घर आया था। उस दौरान वह घर पर दो घंटे रहा और पत्नी से बातचीत की। वह पत्नी का मोबाइल नंबर भी ले गया था। लापता होने पर पत्नी का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। वहीं बिना मां के तीन साल का बेटा गौरव भी परेशान है।