सफाईकर्मियों की हड़ताल समाप्त, दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति

NEWS ROOM
0
शिवपुरी। नगर पालिका शिवपुरी में कार्यरत 485 सफाई कर्मचारियों की छह दिन से जारी हड़ताल आज दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने से समाप्त हो गई है। नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा ने बताया कि 4 सूत्रीय फार्मूले पर नपा प्रशासन और सफाई कर्मचारी सहमत हो गए हैं। मुख्य रूप से समझौते में यह तय किया गया है कि संविदा पर नियुक्त 240 सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा तथा अन्य सफाई कर्मचारी जिन्हें लगभग 3100 रूपये प्रतिमाह वेतन मिलता है उन्हें नवम्बर माह से 5500 रूपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। 
हड़ताली कर्मचारियों को वेतन नहीं काटा जाएगा तथा इसके अतिरिक्त अन्य सफाई श्रमिक, माली, भृत्य पदस्थ हैं उन्हें कलेक्टर दर पर 7125 रूपये प्रतिमाह वेतन नवम्बर माह से देय होगा। नपा परिषद में हुई आज की बैठक में नपाअध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा स्वास्थ्य अधिकारी गोविन्द भार्गव, पार्षद भानु दुबे, ईस्माइल खान, मनोज लोहरे, श्यामलाल कोड़े उपस्थित थे। 

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले सात दिन से जारी थी जिससे पूरा शहर कचरा घर में तब्दील हो गया था और स्थान-स्थान पर मलबे, गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए थे। बदबू से लोगों का जीना मुश्किल हो गया था। सफाई कर्मचारियों की मांग थी कि 240 सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए तथा अन्य को कलेक्टर दर पर भुगतान किया जाए, लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने इन मांगों पर असहमति व्यक्त करते हुए कहा था कि इन्हें मानने का उन्हें अधिकार नहीं है, क्योंकि शासन द्वारा नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों के महज 165 पद ही स्वीकृत हैं और सभी कर्मचारियों को न तो नियमित और न ही कलेक्टर रेट से भुगतान किया जा सकता है। 

चार सूत्रीय फार्मूले पर बनी सहमति
सफाई कर्मचारियों का वेतन निर्धारित करने के लिए गठित कमेटी ने हड़ताल समाप्त करने के लिए पांच सूत्रीय फार्मूला रखा जिसमें से एक सूत्र पर सफाई कर्मचारियों ने असहमति व्यक्त की। सफाई कर्मचारी सहमत नहीं हुए कि जब तक कलेक्टर दर पर कर्मचारियों का वेतन निर्धारित नहीं होगा तब तक वह पुन: हड़ताल नहीं करेंगे इस कारण इस सूत्र को समझौते में से अलग कर दिया गया। जिन पर सहमति बनी उसके अनुसार 240 संविदा पदों को नियमित पदों में परिवर्तित करने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा। 

सर्वसम्मति से यह भी तय हुआ कि जो सफाई श्रमिक वर्तमान में 4200 से लेकर 6000 रूपये पर कार्यरत हैं उन सभी को कलेक्टर दर 7125 रूपये प्रतिमाह वेतन नवम्बर माह से प्राप्त होगा। शेष श्रमिक जो वर्तमान में 3119 रूपये प्रतिमाह पर कार्य कर रहे हैं उन सभी को 5500 रूपये प्रतिमाह वेतन नवम्बर माह से दिया जाएगा। हड़ताल दिवस का कर्मचारियों का वेतन नहीं काटा जाएगा। 
Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!