किसान भाई कम पानी की फसल ले: रूस्तम सिंह

NEWS ROOM
0
शिवपुरी। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं जिले के प्रभारी रूस्तम सिंह ने कहा कि प्रदेश में अल्पवर्षा के कारण सूखे की स्थिति निर्मित होने से पेयजल की समस्या निर्मित हो रही है। जिसे लेकर मुख्यमंत्री स्वयं चितिंत है। इस समस्या को हमें चुनौती मानकर उपलब्ध जल स्त्रोतों के माध्यम से जनता को ग्रीष्मकाल तक पेयजल मुहैया कराना है। इसके लिए प्रत्येक विकासखण्ड स्तरों पर जनप्रतिनिधियों, बुजुर्ग व्यक्तियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में बैठके आयोजित कर प्राप्त सुझावों के आधार पर पेयजल समस्या के निदान हेतु कार्ययोजना भी बनाए। प्रभारी मंत्री रूस्तम सिंह ने उक्त आशय के निर्देश आज आयोजित जिला योजना समिति की बैठक के दौरान दिए।

जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में खेल एवं युवा कल्याण, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, विधायक प्रहलाद भारती, विधायक रामसिंह यादव, विधायक श्रीमती शकुंतला खटीक, कलेक्टर तरूण राठी, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाण्डे, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर, अपर कलेक्टर अनुज कुमार रोहतगी सहित जिला योजना समिति के सम्मानीय सदस्यगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। 

बैठक में समिति के सदस्यों के द्वारा भी अपनी क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए सुझाव रखें। प्रभारी मंत्री रूस्तम सिंह ने बैठक के शुरू में 26 अप्रैल 2017 को आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के विभाग वार पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। जबकि आज आयोजित बैठक में कृषि, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी आदि विभागों की समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में अल्प वर्षा के कारण सूखे की स्थिति निर्मित होने से पेयजल स्त्रोतो का जल स्तर काफी नीचे चला गया है।

ऐसी स्थिति में हमें संयुक्त रूप से ऐसे प्रयास करने होंगे कि लोगो को ग्रीष्म काल में भी पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके लिए खण्डस्तरों पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, विद्युत वितरण कंपनी, ग्रामीण विकास विभाग सहित स्थानीय विधायकों, पंचायत प्रतिनिधियों, गांव के बुजुर्ग व्यक्तियों आदि की बैठक आहुत कर सभी के विचार विमर्श एवं बुजुर्ग व्यक्तियों के अनुभवों के आधार पर पेयजल समस्या के निदान हेतु 7 दिवस के अंदर प्रत्येक गांव वार योजनाए बनाए। बैठकों में प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक के आधार पर नवीन हेण्डपंप लगाने, हैण्डपंपों का संधारण, राइजिंग पाईप बढ़ाने, बंद नलजल योजनाओं को शुरू करने तथा ऐसे निजी नलकूप, कुएं तथा तालाब जिनमें पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध है, उन्हें पेयजल हेतु अधिग्रहण करने की जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही की जाए।

किसानों को कम पानी की फसल लेने हेतु समझाइस दें
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उड़द, तिल्ली की फसलें लेने हेतु समझाइस दें, सूखे की स्थिति को देखते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि पेयजल निदान हेतु रणनीति बनाए। उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि छात्रावास में पेजजल की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करें।

जलस्त्रोतों से अवैध रूप से सिंचाई करने वालो के विरूद्ध कार्यवाही करें
रूस्तम सिंह ने निर्देश दिए कि जल स्त्रोतो से डीजल पम्प एवं अवैध रूप से सिंचाई करने वालों के विरूद्ध भी सख्ती के साथ कार्यवाही की जाए। उन्होंने कृषि विभाग की विकासखण्ड स्तरों पर आयोजित होने वाली संगोष्ठियों एवं कृषि विभाग के मैदान अमले के माध्यम से किसानों को कम पानी में रवी की फसलें बोने हेतु प्रेरित कर प्रगतिशील कृषकों, गांव के बुर्जुग व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लें।

बीपीएल सूची में अपात्र लोगों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कराए
श्री रूस्तम सिंह ने कहा कि पूर्व में जिले में संचालित किए गए अभियान के दौरान ऐसे सक्षम व्यक्ति बीपीएल की सूची में पाए गए है, उनके नाम सूची से प्राथमिकता के आधार पर काटने की कार्यवाही कर उनके विरूद्ध पुलिस में भी 420 का प्रकरण दर्ज कराए। इसके साथ ही बीपीएल सूची में अपात्र व्यक्तियों के नाम जोडऩे वाले मैदानी कर्मचारियों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाए। 

उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन के जो भी कार्यक्रम या अभियान आयोजित किए जाए, उन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करें। बैठक में कलेक्टर तरूण राठी ने बताया कि जिले में संगोष्ठियों एवं मैदानी कर्मचारियों के माध्यम से किसानों को रवी सीजन में कम पानी की फसलें लेने हेतु समझाई दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में ऐसी फसलें लेने हेतु बीजों की भी समुचित व्यवस्था की गई है। जिला उपभोक्ता समिति की आयोजित बैठक के माध्यम से किसानों को बताया गया है कि रवी की फसलें लेने हेतु पलेवा के रूप में केवल एक पानी ही उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राम उदय से भारत उदय अभियान और नगर उदय से भारत उदय अभियान के तहत 6 हजार 800 लोग बीपीएल सूची मे अपात्र पाए गए है। जिसमें से 2600 के नाम काटे जा चुके है, इसीप्रकार एक अन्य अभियान के दौरान 1492 अपात्र लोगों के नाम बीपीएल सूची से काटे गए है, जबकि 92 पात्र लोगों के नए नाम सूची में जोड़े गए है। 

Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!