नागरिक सहकारी बैंक चुनाव: खैमरिया और भार्गव प्रमुख दावेदार

शिवपुरी। नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित के संचालक मंडल के सदस्यों के चुनाव आशाओं के विपरीत निर्विरोध रूप से संपन्न हो गए। कांग्रेस और भाजपा ने एक दूसरे से हाथ मिलाकर निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया को पूर्ण किया। 

भाजपा की ओर से जहां पूर्व अध्यक्ष अजय खैमरिया कमान संभाले हुए थे वहीं कांग्रेस के केपी सिंह खैमे की ओर से पूर्व अध्यक्ष अशोक भार्गव अपने खैमे की जीत की रणनीति बनाने में जुटे हुए थे, लेकिन शहर के चर्चित नेता चन्द्रशेखर शर्मा बाबूजी, शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता और युवा समाजसेवी वाशिद अली की मध्यस्थता के कारण सभी संचालकों के चुनाव निर्विरोध रूप से संपन्न हो गए हालांकि इनकी औपचारिक घोषणा 9 अक्टूबर को होगी। 

इसी दिन 2 सदस्य आपसी सहयोजन से चुने जाएंगे। जिनमें से सतीश नरूला का चुना जाना तय माना जा रहा है। अध्यक्ष पद के लिए अब अजय खैमरिया और अशोक भार्गव प्रमुख दावेदार बने हुए हैं।

संचालक मंडल के चुनाव हेतु 33 प्रत्याशियों ने नामजदगी के पर्चे भरे थे। इनमें से 11 नामांकन फार्म निरस्त हो गया और मैदान में शेष बचे 22 प्रत्याशियों में से 12 ने अपने पर्चे वापिस खींच लिए। इसके बाद शेष 10 फार्म रह जाने पर संचालक पद के चुनाव की नौबत नहीं आई और आठ अक्टूबर को सभी दस संचालकों के निर्वाचन की घोषणा कर दी जाएगी। 

यह चुने गए संचालक सदस्य 
नागरिक सहकारी बैंक संचालक मंडल के लिए कुल 10 संचालक चुने गए। जिनमें अजय खेमरिया, अशोक भार्गव, बासित अली, बृजेश बिरथरे, चंद्रशेखर शर्मा बाबूजी, पवन जैन, सुदीप अस्थाना, गब्बर परिहार, संगीता जैन और मंजू बत्रा शामिल हैं। बताया जाता है कि अजय खेमरिया के साथ गजेन्द्र सिंह उर्फ गब्बर परिहार, मंजू बत्रा, चंद्रशेखर शर्मा खड़े हैं जबकि अशोक भार्गव को वासित अली, सुदीप अष्ठाना, पवन जैन, संगीता जैन और आश्चर्यजनक रूप से भाजपा नेता बृजेश बिरथरे का साथ मिला हुआ है, लेकिन इनमें से कम से कम दो सदस्य ऐसे हैं जो दोनों में से किसी भी खेमे में जा सकते हैं। इनमें प्रमुख रूप से चंद्रशेखर शर्मा बाबूजी का नाम है जो सिंधिया समर्थक कांग्रेस नेता हैं, लेकिन उनकी निष्ठाएं विधायक केपी सिंह के प्रति भी कम नहीं हैं और वर्तमान माहौल में वह भाजपा नेता अजय खेमरिया के साथ हैं। 

गजेन्द्र सिंह का उपाध्यक्ष बनना तय 
नागरिक सहकारी बैंक के दो उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन होगा इनमें से एक उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति वर्ग से और दूसरा उपाध्यक्ष महिला वर्ग से बनेगा। अनुसूचित जाति वर्ग से एक मात्र संचालक गजेन्द्र सिंह उर्फ गब्बर परिहार हैं जो भाजपा नेता हैं तथा अजय खेमरिया के विश्वसनीय हैं। उनका उपाध्यक्ष बनना तय है जबकि महिला वर्ग से अशोक भार्गव खेमे की संगीता जैन और अजय खेमरिया खेमे की मंजू बत्रा के बीच में से किसी एक का निर्वाचन होगा। 

निर्वाचित दस संचालक नौ अक्टूबर को दो अन्य डायरेक्टर का चुनाव आपसी सहयोजन (कॉप्शन) से करेंगे। इनमें से एक पद पर सतीश नरूला के निर्वाचन की संभावना प्रबल है। 
Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!