शिवपुरी। बलारपुर के जंगल में स्थित माँ बलारी के मंदिर मौजूद गौ शाला में बीती रात्रि एक तेन्दुआ घुस आया और उसने गायों के झुण्ड पर हमला बोल दिया। जिससे तीन गायों की मौत हो गई।
तेन्दुआ को मंदिर के मंहत बाबा प्रयाग भारती और अन्य बाबाओं ने पत्थरों से मारमार कर भगा दिया।
इस घटना की जानकारी लगते ही शिवपुरी से भक्त मंदिर पर पहुंचे और थाने पर सूचना दी गई। वहीं फोरेस्ट के अधिकारियों को भी सूचना दी गई, लेकिन आज सुबह तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे भक्तगणों में आक्रोश व्याप्त है।
मंदिर से जुड़े भक्त रोशन बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि रात्रि करीब 12:30 से 1 बजे के बीच एक तेन्दुआ मंदिर परिसर में घुस आया जहां स्थित गौ शाला में बंधी गायों पर उसने हमला बोल दिया।
तेन्दुआ द्वारा मचाये गए उत्पात से वहां सो रहे मंदिर के बाबा और मंहत जाग उठे और उन्होंने रोशनी करके देखा तो एक तेन्दुआ गायों के झुण्ड पर टूट पड़ा था और गाय उससे बचने का प्रयास कर रही थी।
इस घटना को देख कर मंदिर पर मौजूद सभी संतों ने एक जुट होकर पत्थरों से मार-मार कर तेन्दुआ को वहां से भगाने में सफलता हासिल की।
जब गौ शाला में अंदर जाकर देखा तो तीन गाय गंभीर रूप से घायल थी, लेकिन वहां उपचार की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण तीनों गायों की मौत हो गई। इस घटना से मंदिर पर रहने वाले संतों में भय बना हुआ है।


प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।