शिवपुरी। 9 मार्च 2015-जनपद अध्यक्ष पद शिवपुरी के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में कांग्रेस के पारम रावत ने भाजपा के जण्डेल सिंह गुर्जर को एक मत से पराजित कर विजय श्री प्राप्त की। विजयी प्रत्याशी पारम रावत को 13 मत मिले जबकि जण्डेल सिंह गुर्जर 12 मत ही प्राप्त कर पाये।
साथ ही उपाध्यक्ष चुनाव में पारम रावत की ओर से विधायक प्रहलाद भारती के भाई अवधेश वर्मा और जण्डेल सिंह की ओर से कांग्रेसी अशोक ठाकुर के बीच हुआ और इस मुकाबले में अशोक ठाकुर विजयी हुए है।
विजयी प्रत्याशी पारम रावत का चुनाव लडऩा तय था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि उनका मुकाबला किससे होगा। अशोक ठाकुर, अमित शिवहरे और जण्डेल सिंह गुर्जर चुनाव लडऩे की कतार में थे।
कल रात तक तय लग रहा था कि अशोक ठाकुर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अंतिम क्षणों में इस गुट ने रणनीति बदलकर जण्डेल सिंह को चुनाव मैदान में उतारा। जण्डेल सिंह जिला पंचायत के निवर्तमान उपाध्यक्ष हैं।
सुबह 11 बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। पारम रावत अवधेश वर्मा और एक अन्य सदस्य के साथ नामांकन फार्म भरने के लिये पहुंचे जबकि दूसरे गुट के सभी सदस्य कारों में सवार होकर जनपद कार्यालय पहुंचे। नामांकन फार्म पारम रावत और जण्डेल सिंह गुर्जर ने भरा। दोनों प्रत्याशियों ने विजय का दावा किया, लेकिन जीत पारम रावत को हुई।
पारम की जीत पर उनके समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए जोरशोर से नारेबाजी की। उनकी जीत पर शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता, सरनाम रावत, युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय शर्मा, प्रतीक गुप्ता, विजय चौकसे, हरवीर सिंह रघुवंशी आदि ने उन्हें हार्दिक बधाई दी है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।