शिवपुरी। नगर पालिका परिषद शिवपुरी में नव निर्वाचित नपा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा अन्नी आज विशाल काफिले के साथ नपा में पदभार ग्रहण किया। इस दौरान ढोल-ताशे और आतिशबाज से पूरा नपा प्रांगण गुंजायमान हो गया। पदभार ग्रहण करने से पूर्व नपा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा अन्नी अपने निवास स्थल से निकले।
जहां उनके साथ कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रामसिंह यादव, नपा के नव निर्वाचित अध्यक्ष मुन्ना लाल कुशवाह, पूर्व नपाध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर मौजूद रहे। इसके साथ ही पीछे अन्य चार पहिया वाहनों में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश जैन आमोल, हरवीर रघुवंशी, विजय चौकसे, राजेन्द्र शिवहरे, सफदर बेग मिर्जा, अब्दुल रफीक खान अप्पल सहित कांग्रेस पार्टी के दर्जन भर पार्षदगण मौजूद रहे।
यह काफिला आज जैसे ही नगर से गुजरा चहुंओर अन्नी भैया जिन्दाबाद-श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया जिन्दाबाद के जोर-शोर से नारे लगाए गए। नपा में प्रवेश के पहले ही जोरदार आतिशबाजी से नपा उपाध्यक्ष का स्वागत हुआ। यहां उनके अनुज देवेन्द्र शर्मा लल्लू ने अपने मित्र मण्डल साथियों के द्वारा यह शानदार स्वागत कार्यक्रम रखा व विशाल काफिले की रूपरेखा बनाकर नपा में उपाध्यक्ष पद पर काबिज अनिल शर्मा अन्नी भैया के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की।
इस अवसर पर पूरा नपा प्रांगण कांग्रेसमय नजर आया जहां सर्वाधिक रूप से कांग्रेसी मौजूद रहे। इस अवसर पर अनिल शर्मा अन्नी ने अपने नवीन कैबिन में पदभार ग्रहण किया और कहा कि आज से नपा में नगर के विकास की सोच को सार्थक करने वाले कार्यों की शुरूआत हो गई जिसमें आने वाले समय में नपाध्यक्ष मुन्ना लाल कुशवाह व उपाध्यक्ष सहित अन्य सभी पार्षदों के सहयोग से शहर का विकासोन्मुखी कार्य किया जाएगा। जिसमें शहरवासियों की सहभागिता भी शामिल होगी। इस अवसर पर नपा सीएमओ कमलेश शर्मा व अन्य नपा के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी नपा में उपाध्यक्ष पदभार ग्रहण करने पर अन्नी भैया का मालयार्पण कर स्वागत किया।