रविवार की सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना प्रारंभ हुई। पहले 20 वार्डों की मतगणना 20 टेबलों पर शुरू हुई। मतगणना के प्रारंभिक रूझान में ही मुन्नालाल कुशवाह ने बढ़त बना ली। पहले चक्र में जहां वह 17 मतों से आगे रहे। वहीं दूसरे चक्र की मतगणना तक उन्होंने 3830 मतों की अग्रता हासिल कर ली।
पहले दो चक्रों में कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल कुशवाह को 11869 मत और भाजपा प्रत्याशी हरिओम राठौर को 8039 मत मिले। तीसरे चक्र में मुन्नालाल की बढ़त 5410 मतों की हो गई। उन्हें इस चक्र में 1580 मतों की बढ़त हासिल हुई। उन्हें 5133 मतदाताओं का समर्थन मिला। वहीं हरिओम राठौर केवल 3553 मत ही ले पाए। लेकिन चौथे चक्र की मतगणना में मुन्नालाल कुशवाह 27 मतों से पिछड़ गए। उन्हें 2656 मत मिले। जबकि भाजपा प्रत्याशी हरिओम 2683 मत ले गए। पांचेवे चक्र की मतगणना में मुन्नालाल की फिर बढ़त मिल गई। उन्होंने इस चक्र में 570 मतों की अग्रता ली और वह हरिओम से 5900 मतों से आगे हो गए। इस चक्र में मुन्नालाल को 4616 और हरिओम को 4046 मत मिले। लेकिन छठवे चक्र में हरिओम राठौर ने 473 मतों की बढ़त लेकर मुन्नालाल की लीड कुछ कम कर दी। इस चक्र में मुन्नालाल को 4120 और हरिओम को 4593 मत मिले। सातवे चक्र में मुन्नालाल ने 700 से अधिक मतों की लीड ले ली। उन्हें 4955 मत मिले। जबकि हरिओम राठौर सिर्फ 4237 मत ही बटोर सके और आठवे तथा अंतिम चक्र में भी वह 72 मतों से आगे रहे और उन्होंने 2127 तथा हरिओम ने 2055 मत प्राप्त किए।
जनता के सेवक की भांति कार्य करूंगा : मुन्नालाल
जीत के पश्चात मुन्नालाल कुशवाह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि वह सेवा भावना से राजनीति करते हैं और इसी तरह सेवक की तरह वह नगरपालिका अध्यक्ष पद के दायित्व का निर्वहन करते रहेंगे। उन्होंने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जो भरोसा उन्होंने मुझमें व्यक्त किया है। उससे मैं अधिक जि मेदारी महसूस कर रहा हूं और जनता को निराश नहीं होने दूंगा।
जनता का फैसला स्वीकार है: हरिओम राठौर
पराजय के पश्चात भाजपा प्रत्याशी हरिओम राठौर ने कहा कि चुनाव परिणाम अप्रत्याशित रहे हैं, लेकिन जनता के इस फैसले को मैं स्वीकार करता हूं। शायद हमसे कुछ गलती रही होगी। जिसकी बजह से चुनाव मेें पराजय सहन करनी पड़ी।
डाक मतपत्रों में भाजपा प्रत्याशी राठौर आगे रहे
डाक मतपत्रों की गणना में 12 मतों से भाजपा प्रत्याशी हरिओम राठौर आगे रहे। उन्हें जहां 146 मत हासिल हुए। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी मुन्नालाल कुशवाह को केवल 134 मत मिले। 30 डाक मतपत्र मतदाताओं का समर्थन निर्दलीय प्रत्याशी छत्रपाल सिंह गुर्जर को मिला। जबकि 5 मतदाताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी माणिकचंद राठौर को वोट दिया।