शिवपुरी। फिजीकल रोड पर आज शाम सड़क पर तेजगति से भाग रहे सुअर ने कांग्रेस नेता अजय गुप्ता को घायल कर दिया। उनके हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें लगी हैं। श्री गुप्ता ने नगर पालिका से शहर से सुअरों को मुक्त कराने की मांग की है।
विदित हो कि शिवपुरी में सुअरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। सूअरों के हमले में अनेक लोग घायल हो चुके हैं। स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया की रूचि से नगर पालिका सुअर भगाने के अभियान में अवश्य जुटी हैं, लेकिन अभी तक नगर पालिका को इस मुहिम में अधिक सफलता नहीं हासिल हुई है। हालांकि नगर पालिका का दावा है कि उसने डेढ़ हजार से अधिक सुअरों को शहर से बाहर कर दिया, लेकिन सुअर अभी भी शहर में परेशानी का कारण बने हुए हैं।
इससे जहां बीमारियां फैलने की आशंका है वहीं अनेक लोग सुअरों के कारण घायल हो चुके हैं। आज कांग्रेस नेता अजय गुप्ता जब अपने घर से बाजार मोटरसाइकिल से जा रहे थे तो तेजगति से भाग रहा सुअर उनकी मोटरसाइकिल से जाकर भिड़ गया जिससे मोटरसाइकिल के साथ-साथ श्री गुप्ता भी जमीन पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मोहल्ले वाले उन्हें उठाकर जिला अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। विधानसभा चुनाव के दौरान भी सूअरों ने हमला कर भाजपा नेता ब्रजेश बिरथरे और नरेन्द्र दुबे को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। कर्मचारी नेता राजेन्द्र पिपलौदा भी सूअरों के हमले का शिकार हो चुके हैं।
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।