कांग्रेस के माईक 2 की सभा के लिए सिंधिया ने दिए कार्यकर्ताओं को टारगेट

शिवपुरी। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की 17 अक्टूबर को ग्वालियर में होने जा रही आमसभा में भीड़ जुटाने हेतु केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांगे्रस कार्यकर्ताओं को टारगेट दिए।

कल रात ग्वालियर के होटल आदित्याज में आयोजित बैठक में श्री सिंधिया ने संभागभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल गांधी की ग्वालियर में आयोजित आमसभा ऐतिहासिक होनी चाहिए और पूरे संभाग से अधिक से अधिक लोगों को राहुल की सभा में आने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरित करना चाहिए। इस बैठक में संभागभर के कांग्रेस पदाधिकारी, विधायक,पूर्व विधायक, जिला संगठन और मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पैनल में शामिल उम्मीदवार उपस्थित थे।

शिवपुरी जिले से बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे। श्री सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल जी 17 को ग्वालियर में सभा संबोधित करने आ रहे हैं। इसमें वह ग्वालियर संभाग से परिवर्तन का शंखनाद करेंगे। उन्होंने कहा कि सभा में कम से कम तीन लाख लोगों की उपस्थिति होना चाहिए। उन्होंने मुरैना में कुछ समय पहले आयोजित परिवर्तन रैली को ऐतिहासिक बताया और इसके लिए कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामसिंह यादव ने बताया कि शिवपुरी जिले से 15 से 20 हजार लोग सभा में जुटेंगे। इसके लिए पहले जिला स्तर पर और फिर ब्लॉक स्तर पर बैठक आयोजित की जाएंगी।