करैरा। सुनसान रास्ते पर बाइक से पत्नी के साथ जा रहे युवक को तीन बदमाशों ने रोक लिया। इससे पहले कि दंपती कुछ समझ पाता, बदमाशों ने कट्टा निकालकर डराया और महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और महज 24 घंटे के भीतर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र, वारदात में इस्तेमाल TVS राइडर बाइक और 315 बोर का अवैध कट्टा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
साढू के घर जा रहा था दंपती, रास्ते में घेर लिया
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को दतिया जिले के थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम सेंगवा निवासी सुमित जाटव अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम छिरारी में अपने साढू भाई के घर जा रहा था। इसी दौरान ग्राम झंडा की पहाड़ियों के पास एक राइडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर दंपती को धमकाया और महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग निकले। पीड़ित की शिकायत पर करैरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 810/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(4) और एमपीडीपीके एक्ट की धारा 11/13 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर शीतला माता मंदिर के पास दबिश
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति और एसडीओपी करैरा विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शीतला माता मंदिर करही के पास दबिश देकर तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने मिलकर लूट की वारदात करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुम्हेर सिंह परिहार (27), निवासी ग्राम मिहावरा, थाना सीहोर,गोलू उर्फ मेहताब सिंह परिहार (22), निवासी ग्राम बेरखेड़ा, थाना करैरा,बोबी परिहार (22), निवासी ग्राम बेरखेड़ा, थाना करैरा।
मंगलसूत्र के साथ कट्टा और दो कारतूस भी मिले
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया एक सोने का मंगलसूत्र, 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल TVS राइडर मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 का इजाफा किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अन्य लूट और चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक अरुण वर्मा, प्रधान आरक्षक डैनी कुमार, आरक्षक हरेंद्र गुर्जर और आरक्षक नीरज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।