शिवपुरी।शिवपुरी जिले के मायापुर थाना क्षेत्र से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। ग्राम राजापुर में एक महिला की आंखों के सामने उसके पति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज नहीं की।
हद तो तब हो गई जब खुद की बात को सच्चा साबित करने के लिए पीड़िता को थाने में गंगाजली तक उठानी पड़ी, फिर भी उसे न्याय नहीं मिला। अब थक-हारकर न्याय की आखिरी आस में पीड़िता परिजनों के साथ एसपी कार्यालय की चौखट पर पहुंची है।
ग्राम राजापुर निवासी सविता लोधी पत्नी स्वर्गीय कल्ली उर्फ इमरतलाल लोधी ने अपने शिकायती आवेदन में बताया कि 10 नवंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे वह अपने पति के साथ खेत पर पानी देने गई थीं। इसी दौरान गांव के ही रघुराज, नातीराजा, राजपाल, बृजेश, अभिषेक और छोटू लोधी शराब के नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उनके पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने के लिए बीच में आईं, तो आरोपियों ने उनकी आंखों पर साड़ी बांध दी और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके पति पर टायर, लाठी, सरिया और लोहे के फरसे से ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पीड़िता सविता का कहना है कि वारदात के बाद उन्होंने मायापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों के नाम से एफआईआर दर्ज नहीं की है। पुलिस के सामने खुद को सच्चा साबित करने के लिए उन्होंने थाने में गंगाजली भी उठाई, फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से परेशान होकर बुधवार को वह परिजन के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं और सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
थाना प्रभारी ने कहा- जल्द होगी एफआईआर
मायापुर थाना प्रभारी मनोज राजपूत का कहना है कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।