शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे मे शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक क्लिक से प्रदेश की 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 लाड़ली बहनों के खातों में 42वीं किस्त की राशि ट्रांसफर कर दी। कुल 1,831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की यह राशि महिलाओं के खातों में पहुंची। कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक सौगात देने के साथ शिवपुरी जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी मिली।
लेकिन इस आयोजन का सबसे चर्चित मुद्दा पिछोर को जिला बनाने की मांग रही। इस मांग पर मुख्यमंत्री ने ऐसा संकेत दिया, जिससे लंबे समय से जिला बनने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को नई आस बंध गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल परिसीमन आयोग के समक्ष पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहे।
1.24 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिली 42वीं किस्त
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को अब हर महीने 1,500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। शुक्रवार को जारी 42वीं किस्त के तहत 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 महिलाओं के खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई। यह राशि आधार से जुड़े और DBT सक्रिय बैंक खातों में सीधे पहुंचाई जाती है।
जून 2023 में शुरू हुई इस योजना में शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रुपए प्रतिमाह दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 में इसे बढ़ाकर 1,250 रुपए किया गया और नवंबर 2025 से मासिक सहायता 1,500 रुपए कर दी गई।
221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले को 221 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल रहा। इसके अलावा आजीविका मिशन के स्वसहायता समूहों को वन क्लिक के माध्यम से नगद साख सीमा की राशि भी जारी की गई।
योजना के तहत अक्टूबर 2026 तक 41 किस्तों में महिलाओं के खातों में 67,230 करोड़ 96 लाख रुपए पहुंचाए जा चुके थे। अब 42वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर करीब 69 हजार करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है।
पिछोर से खनियाधाना तक घोषणाओं की झड़ी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पिछोर में सांदीपनि विद्यालय खोलने, खनियाधाना में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और बामौरकला में महाविद्यालय स्थापित करने की घोषणा की। रेड्डी चौराहे पर पुलिस चौकी स्थापित करने का भी ऐलान किया।
इसके अलावा पिछोर किले के सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। मोतीसागर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराने और खासना नाले पर पुल निर्माण की घोषणा भी की गई। इन घोषणाओं के जरिए मुख्यमंत्री ने पिछोर सहित आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, खेल, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।