शिवपुरी। करवाचौथ के उल्लास, भारतीय परंपरा और नारी सौंदर्य के रंगों से गुरुवार को शहर के कमलागंज स्थित होटल शगुन वाटिका गुलजार रहा। यहां महिला समन्वय एवं विश्व मांगल्य सभा के संयुक्त तत्वावधान में करवाचौथ मेले के साथ ‘नारी की शान है साड़ी’ थीम पर आधारित ‘नारी इन साड़ी’ सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति अपने लगाव का खूबसूरत प्रदर्शन किया।
मेले में आर्टिफिशियल ज्वेलरी, फैशनेबल एवं डिजाइनर सूट, साड़ियां, करवाचौथ की पूजन सामग्री, घर की सजावट के सामान, नमकीन, पापड़ और खानपान से जुड़े विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। रिफ्रेशमेंट के लिए भी छोटे-छोटे स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में शिवपुरी के अलावा करेरा, झांसी, ग्वालियर और इंदौर से भी दुकानदार पहुंचे, जिससे आयोजन में खरीदारी और उत्सव का खास माहौल देखने को मिला।
साड़ी में सजी प्रतिभागियों ने रैंप वॉक से जीता दिल
जलसौंदर्य प्रतियोगिता में लगभग 15 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने साड़ी में अपनी खूबसूरती, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नवनीता जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कुमारी ऋतु द्वितीय और ग्वालियर की विनीता तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं अपनी खूबसूरत प्रस्तुति से विशेष पहचान बनाने वाली रुपाली सोनी को स्पेशल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 5100 रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं प्रतिभागी को 3100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी को 2100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। स्पेशल पुरस्कार के रूप में 1100 रुपये नगद दिए गए। पुरस्कार महिला समन्वय की अध्यक्ष डॉ. सुषमा पांडेय एवं विश्व मांगल्य सभा की अध्यक्ष विभा रघुवंशी द्वारा प्रदान किए गए।
बच्चों के साथ रैंप वॉक बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का सबसे खास और भावुक कर देने वाला दृश्य उस समय देखने को मिला, जब एक प्रतिभागी साक्षी अग्रवाल अपने दोनों बच्चों के साथ रैंप वॉक करती नजर आई। मां और बच्चों की इस खूबसूरत प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम में पारिवारिक भावनाओं का रंग भर दिया। इसके अलावा दर्शकों से कई रैपिड सवाल पूछे गए और सही जवाब देने वालों को आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. आकांक्षा गौड़, दीपा शर्मा एवं दिव्या व्यास शामिल रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत विश्व मांगल्य सभा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। साथी इस दौरान शांति गीत गायन सुमन तिवारी व राधा सूर्यवंशी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन मणिका शर्मा ने किया। अंत में सभी निर्णायकों को स्मृति चिह्न स्वरूप उपहार भेंट किए गए तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण और भारतीय संस्कृति को समर्पित आयोजन
आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा, सौंदर्य, आत्मविश्वास और पारंपरिक भारतीय परिधानों को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना था। करवाचौथ मेले ने एक ओर महिलाओं को खरीदारी और मनोरंजन का अवसर दिया, तो दूसरी ओर भारतीय संस्कृति एवं साड़ी की पारंपरिक गरिमा को भी रेखांकित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला समन्वय की अध्यक्ष डॉ. सुषमा पांडेय, विश्व मांगल्य सभा की अध्यक्ष विभा रघुवंशी के साथ किरण उप्पल, विनीता जैन, अनु मित्तल, पिंकी गोस्वामी, रेनू भार्गव, पद्मिनी ठाकुर, लक्ष्मी गर्ग, मीनू तिवारी, शोभा पुरोहित, सपना शर्मा, आशा रघुवंशी, प्रतिमा गौड़, संगीता रघुवंशी, सुमन तिवारी, रानी भारद्वाज, माधुरी सोनी एवं मुदित तिवारी व समस्त महिला सामना विश्व मंगल्य सभा की सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का मीडिया कवरेज मीडिया प्रभारी आरती जैन ने संभाला।
होटल शगुन वाटिका के संचालक गोपाल गौड़ का आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से उपलब्ध कराने में विशेष सहयोग रहा। आयोजन ने करवाचौथ के उत्सव को महिला प्रतिभा, पारंपरिक सौंदर्य और सामाजिक सहभागिता के साथ यादगार बना दिया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।