शिवपुरी मे दबंगई, शिकायत करने जा रहे परिवार को पीटा, इधर महिला की उंगली कुल्हाडी से काटी

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष और दबंगई के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहली घटना राजा की मुढ़ेरी गांव की है, जहां छप्पर में आग लगाने के विवाद में पांच आरोपियों ने दो महिलाओं पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की उंगलियां कट गईं और उसके सिर में 15 टांके आए हैं। 

वहीं, दूसरी घटना खनियाधाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव की है, जहां पुरानी दुश्मनी में एक ही परिवार के सदस्यों को दो बार बेरहमी से पीटा गया। दबंगों ने थाने में शिकायत करने जा रही महिलाओं और बच्चों को भी बीच रास्ते में रोककर लात-घूंसों से पीटा। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।


शिवपुरी के राजा की मुढ़ेरी गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो महिलाओं पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच लोगों ने छप्पर में आग लगाने की बात पर हुए विवाद के बाद महिलाओं के साथ मारपीट की। हमले में मिथलेश कुशवाह के हाथ की उंगलियां कट गईं और सिर में गंभीर चोट आई। उसके सिर में 15 टांके लगे हैं। दूसरी महिला रेखा कुशवाह भी घायल हुई है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छप्पर में आग लगाने की बात पर हुआ विवाद
घटना 21 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे की है। शिकायत के मुताबिक, रेखा कुशवाह अपनी जेठानी मिथलेश और सास चिरोंजी के साथ घर की पाटोर में सो रही थी। इसी दौरान घर के सामने बने छप्पर में आग लगने की आवाज आई। बाहर निकलने पर सत्यनारायण शर्मा, अमन शर्मा, अनिल शर्मा, श्याम शर्मा और अंकित शर्मा वहां खड़े मिले।

मिथलेश ने छप्पर में आग लगाने के बारे में पूछा तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अनिल शर्मा ने रेखा की पीठ और श्याम शर्मा ने उसकी जांघ पर लाठी से वार किया। रेखा को बचाने पहुंची मिथलेश पर सत्यनारायण ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला किया। अमन ने उसके दाहिने हाथ की उंगलियों पर कुल्हाड़ी मारी, जबकि अंकित ने उसकी पीठ पर लाठी से वार किया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। आग से रसोई और छप्पर में रखा सामान भी जल गया।

कुल्हाड़ी मांगने को लेकर हुआ था विवाद
दोनों परिवारों के बीच विवाद की शुरुआत जून में कुल्हाड़ी मांगने की बात पर हुई थी। उस समय मारपीट में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी।

ग्रामीणों के मुताबिक, 19 अक्टूबर को मामले में जेल गया अमन शर्मा जमानत पर गांव लौटा था। आरोप है कि उसने हवाई फायर कर दहशत फैलाई थी। इसके अगले दिन दोनों परिवार फिर आमने-सामने आ गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पोहरी एसडीओपी आनंद राय ने चक्काजाम होने से इनकार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पुलिस मे शिकायत की तो परिवार को पीटा,बच्चो तक को नही छोडा 
शिवपुरी के खनियाधाना थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के सदस्यों के साथ दो बार मारपीट का मामला सामने आया है। सुनील लोधी (18) की शिकायत पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पहली घटना में सुनील के पिता और ताऊ के साथ मारपीट की गई। इसके बाद थाने में शिकायत करने जाते समय उसकी मां, ताई, बहन और भाई के साथ भी मारपीट की गई। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शिवपुरी जाते समय हुआ विवाद
सुनील के मुताबिक, 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने ताऊ के बेटे अमित लोधी को इलाज के लिए शिवपुरी ले जा रहा था। इसी दौरान गांव में नीलेश लोधी के घर के सामने आनंद लोधी, जनकराम लोधी, राजकुमार लोधी और करन लोधी ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।

आरोप है कि विवाद के दौरान राजकुमार और करन ने सुनील के पिता रमेश लोधी को लाठी-डंडों से पीटा, जबकि आनंद और जनकराम ने उसके ताऊ हरभजन लोधी के साथ मारपीट की। दोनों के सिर सहित शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आईं।

थाने जाते समय परिवार के साथ मारपीट
परिवार के लोग पहली घटना की शिकायत करने थाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में प्रागीलाल लोधी, रजभान लोधी और यशपाल लोधी ने उसकी मां सुमन, ताई कुसमा, बहन सोनम और भाई अभिषेक के साथ मारपीट की। आरोप है कि चारों को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा गया।

सुनील ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव के दौरान आरोपियों ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सातों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!