बैराड। शिवपुरी जिले के बैराड थाना सीमा में स्थित ग्राम ककरई में सोमवार की सुबह खेत पर घास काट रहे दंपती पर पास के जंगल से आकर अचानक से एक जंगली सूअर ने हमला बोल दिया। हमले में सूअर ने पति-पत्नी दोनों को घायल कर दिया। हमले से बचने के लिए दोनों ने हिम्मत जुटाई और जंगली सूअर से भिड़ गए। दंपती ने मिलकर उसे काबू में किया और रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद आसपास के लोग दंपती को घायल अवस्था में उपचार के लिए बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार दिया गया। मामले की सूचना वन अमले को दी गई है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम ककरई निवासी खेरू यादव सोमवार सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी सरस्वती यादव के साथ खेत पर मवेशियों के लिए घास काटने गए थे। दोनों खेत में काम कर रहे थे, तभी अचानक पास के जंगल से जंगली सूअर निकलकर आया और उसने दंपती पर हमला कर दिया। हमले के दौरान दोनों ने अपनी जान बचाने के लिए सूअर का सामना किया और काफी मशक्कत के बाद दंपती ने मिलकर जंगली सूअर को काबू में कर लिया और उसे रस्सियों से बांध दिया।
घटना के बाद घायल खेरू यादव व सरस्वती यादव आसपास के लोगों की मदद से बैराड़ पहुंचे, जहां दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि जंगली सुअर के हमले में दोनों के शरीर पर चोटें आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी जंगली सूअर को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में घूमने वाले आवारा सूअरों को पकड़कर हमें दहशत से निजात दिलाई जाए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।