अमोला। कोटा-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार दोपहर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। नया अमोला क्रमांक दो की क्रासिंग पर सड़क पार कर रहे बाइक सवार दो युवकों को पीछे से आ रहे केमिकल से भरे टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया है कि वीर सिंह पुत्र लखमीचंद लोधी और सिवदु कुशवाह पुत्र भगवानलाल बाइक से करैरा से अपने घर सिलानगर मड़ेया लौट रहे थे। दोनों नया अमोला क्रमांक दो की क्रासिंग पर हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे केमिकल से भरे टैंकर ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद एक की मौके पर मौत
टैंकर की टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। हादसे में सिवदु कुशवाह को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं वीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
घर लौटते समय रास्ते में थम गई जिंदगी
बताया जा रहा है कि दोनों युवक करैरा से अपने घर की ओर लौट रहे थे। परिवार को शायद इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद घर पहुंचने वाला युवक रास्ते में हमेशा के लिए उनसे दूर हो जाएगा। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों तथा टैंकर की गति सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
कोटा-झांसी हाईवे पर क्रासिंग और कट वाले स्थानों पर वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बनती है। नया अमोला की इस क्रासिंग पर हुए हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क पार करने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।