शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र में सोमवार का दिन विकास के लिहाज से खास रहा। क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे के दौरान विकास कार्यों की सौगातें मानसून की बारिश की तरह बरसीं। एक ही दिन में स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़े चार महत्वपूर्ण प्रोजेक्टों का लोकार्पण हुआ। अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चमरौआ में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, बामौरकलां में उप तहसील भवन और पिपरा में विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण कर इन्हें जनता को समर्पित किया गया।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से पिछोर विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अब स्वास्थ्य उपचार, बिजली और राजस्व संबंधी कामों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों पर निर्भरता कम होगी। खास बात यह है कि इन परियोजनाओं में से कई की मांग क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से उठाई थी, जिन्हें अब धरातल पर उतारा गया है।
अछरौनी में स्वास्थ्य सुविधा की नई इबारत
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अछरौनी में करीब 1.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। यह स्वास्थ्य केंद्र आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार और जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधायक प्रीतम लोधी के अनुसार, इस स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े चार उपस्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से करीब 20 गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। यहां 299 प्रकार की दवाइयां और करीब 80 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। इसका सीधा असर ग्रामीणों पर पड़ेगा, जिन्हें छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूसरे शहरों की ओर जाना पड़ता था।
पिछोर में 100 बिस्तर के अस्पताल की ओर भी इशारा
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पिछोर में निर्माणाधीन 100 बिस्तरों के अस्पताल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि 100 बिस्तरों का अस्पताल शुरू होने के बाद पिछोर क्षेत्र के लोगों को गंभीर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और मशीनें उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
चमरौआ में बिजली का नया पावर सेंटर
स्वास्थ्य के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चमरौआ में करीब 1.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया गया। इस उपकेंद्र से आसपास के करीब 20 से 25 हजार लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। विद्युत आपूर्ति मजबूत होने का फायदा घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, व्यापारियों और ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा। बिजली की आपूर्ति अधिक सुचारु होने से कृषि और स्थानीय कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बामौरकलां में 70 गांवों के लिए खुला प्रशासन का नया दरवाजा
सिंधिया ने बामौरकलां में करीब 1.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का भी लोकार्पण किया। इस उप तहसील के शुरू होने से क्षेत्र के 70 गांवों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। खास बात यह है कि उप तहसील की मांग क्षेत्रवासियों ने जनसुनवाई के दौरान रखी थी। मांग पूरी होने के बाद अब ग्रामीणों को राजस्व और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जमीन, राजस्व और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़े काम स्थानीय स्तर पर होने से ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेंगे। इस लिहाज से यह परियोजना ग्रामीण प्रशासन को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने वाली महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
पिपरा में भी बिजली की सौगात
पिछोर विधानसभा के पिपरा में करीब 1.46 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया गया। इसके शुरू होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों और किसानों के लिए बिजली की उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में नए उपकेंद्र से बिजली वितरण व्यवस्था पर दबाव कम होने और आपूर्ति अधिक सुचारु होने की उम्मीद जताई गई।
विकास का कारवां' आगे भी जारी रहने का दावा
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य, बिजली, सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लेकर बिजली और प्रशासनिक सेवाओं को मजबूत करने तक सरकार की प्राथमिकता आम नागरिक को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विधायक बोले-दिल्ली में बैठकर भी पिछोर को मिल रही सौगातें
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने क्षेत्र में हो रहे बदलाव को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिंधिया दिल्ली में जिम्मेदारियों के बावजूद पिछोर क्षेत्र के विकास पर लगातार ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अछरौनी का आरोग्य मंदिर, चमरौआ और पिपरा के विद्युत उपकेंद्र तथा बामौरकलां की उप तहसील जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास की दिशा बदलने वाली हैं।
विधायक ने यह भी बताया कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि जहां पहले कई गांव बिजली की समस्या से जूझते थे, वहीं नए विद्युत उपकेंद्रों के माध्यम से बिजली व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही किसानों के लिए बड़ी नहर परियोजना और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मूंगफली प्रोजेक्ट जैसे प्रस्तावित विकास कार्यों का भी उल्लेख किया गया। विधायक ने दावा किया कि आने वाले समय में पिछोर विधानसभा में विकास की रफ्तार और तेज होगी।
हितग्राहियों को भी मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र तथा 5 में विद्युत कनेक्शन योजना के पत्र हितग्राहियों को वितरित किए गए। इससे कार्यक्रम केवल लोकार्पण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकारी योजनाओं के लाभ को सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का माध्यम भी बना।
चार परियोजनाएं, कई मोर्चों पर असर
एक ही दिन में चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लोकार्पण ने पिछोर विधानसभा में विकास के कई मोर्चों को एक साथ छुआ है। अछरौनी का स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करेगा, चमरौआ और पिपरा के विद्युत उपकेंद्र बिजली व्यवस्था को मजबूती देंगे, जबकि बामौरकलां की उप तहसील प्रशासनिक सेवाओं को ग्रामीणों के करीब लाएगी।
इन परियोजनाओं के जरिए पिछोर में स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासन-तीनों क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हुआ है। अब इनका वास्तविक असर इस बात से तय होगा कि इन सुविधाओं का संचालन कितनी प्रभावी तरीके से होता है और ग्रामीणों को इनका लाभ कितनी आसानी और नियमितता से मिलता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यागचेंग डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व विधायक भैया साहब लोधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
%20(1).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।