शिवपुरी। शिवपुरी शहरी क्षेत्र में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विद्युत कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं की बिना सहमति के, सही से काम कर रहे चालू मीटरों को भी बदलकर जबरिया स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने पर उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन काटने की धमकी तक दी जा रही है, जिससे आम जनता में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
उपभोक्ताओं की जायज मांगों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत मैदान में उतर आई है। संगठन ने स्मार्ट मीटर थोपे जाने की इस कार्यवाही का पुरजोर विरोध किया है।
सांसद, ऊर्जा मंत्री और विधायक से हस्तक्षेप की मांग
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिलाध्यक्ष श्री जितेंद्र सिंह रघुवंशी, सचिव श्री दाताराम प्रजापति, कोषाध्यक्ष श्री संदीप मिश्रा एवं पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश शर्मा ने क्षेत्रीय सांसद श्रीमंत ज्योतिरादित्य सिंधिया, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं शिवपुरी विधायक श्री देवेंद्र जैन को पत्र भेजकर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।
संगठन के पदाधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि विद्युत कंपनी की इस तानाशाही और उपभोक्ताओं को दी जा रही धमकियों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा बिना ग्राहक सहमति के स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तुरंत प्रभाव से बंद कराया जाए।
विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों का उल्लंघन
ग्राहक पंचायत के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विद्युत नियामक आयोग द्वारा भी यह स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि उपभोक्ता की सहमति और संतुष्टि के आधार पर ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने चाहिए। इसके बावजूद, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी आयोग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रही है और उपभोक्ताओं पर दबाव बनाकर स्मार्ट मीटर थोप रही है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उपभोक्ताओं के अधिकारों का हनन बंद नहीं हुआ और जबरन मीटर बदलने की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो ग्राहक पंचायत उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।