शिवपुरी। शिवपुरी में कल, रविवार 13 सितंबर को ब्राह्मण समाज का 18वां भव्य अविवाहित युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सकल ब्राह्मण महासमिति, मध्यप्रदेश के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा सनातन और परशुराम कल्याण बोर्ड, शिवपुरी का विशेष सहयोग रहेगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए हाल ही में पुरानी शिवपुरी स्थित मां की महिमा भवन में जिला अध्यक्ष पं. पुरुषोत्तम कांत शर्मा के नेतृत्व में एक अहम बैठक संपन्न हुई। इसमें मुख्य अतिथि पं. देवेंद्र मड़वास ने स्पष्ट किया कि यह सम्मेलन विवाह योग्य युवाओं को उपयुक्त जीवनसाथी चुनने का बेहतरीन मंच प्रदान करेगा, जिससे समाज में समरसता और एकता को भारी बढ़ावा मिलेगा।
रविवार 13 सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बड़े हनुमान मंदिर, तुलसी आश्रम, कत्था मिल के सामने आयोजन होगा। मंच से करीब 300 युवक-युवतियों के बायोडाटा प्रस्तुत किए जाएंगे। सनाढ्य, भार्गव, गौड़, आदि गौड़, भट्ट, ब्रह्मभट्ट, महाराष्ट्रीयन, सारस्वत और कान्यकुब्ज सहित सभी वर्गों के युवा एक ही मंच पर अपना परिचय देंगे।समाज की प्रतिभाशाली बेटियों और मेधावी विद्यार्थियों को अंगवस्त्र एवं सम्मान पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा। सभी प्रत्याशियों की जानकारी वाली एक विशेष स्मारिका का प्रकाशन किया जा रहा है, जिसका मूल्य 100 रुपए निर्धारित है। इसका वितरण पं. देवेंद्र कुमार शर्मा करेंगे।
अतिथियों का सान्निध्य
पातालपुरी मठ (काशी) के जगद्गुरु बालक देवाचार्य महाराज बतौर मुख्य वक्ता और महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर समाज का मार्गदर्शन करेंगे सम्मेलन के दौरान गणेश चतुर्थी के अवसर पर केवल मिट्टी की प्रतिमाएं स्थापित करने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।
आयोजन समिति के सहसंयोजक पं. कुंज बिहारी पाराशर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. हरगोविंद शर्मा सहित मणिका शर्मा, गौरी कोठारी और महावीर मुद्गल (मंच संचालन) ने समाज के सभी परिवारों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।