शिवपुरी। शिवपुरी में मानसून ने जिले को सामान्य बारिश के आंकड़े से आगे पहुंचा दिया है, लेकिन रविवार को शहरवासियों को बारिश के साथ बिजली कटौती भी झेलनी पड़ेगी। जिले में अब तक 933.81 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो सामान्य से 117.51 मिमी अधिक है। इसी बीच बिजली कंपनी ने डाकबंगला उपकेंद्र के 8 फीडरों पर मेंटेनेंस के चलते रविवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखने का ऐलान किया है। इस दौरान शहर के कई प्रमुख बाजार, कॉलोनियां और सरकारी कार्यालयों के आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे।
बिजली कंपनी द्वारा 33/11 केवी डाकबंगला उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 8 फीडरों पर मेंटेनेंस कार्य कराया जाएगा। इसके चलते 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में विद्युत बंद रहेगी। वही आज शनिवार से फिर शहर मे बारिश का दौर शुरू हो चुका है। आज दिन मे लगभग 4 बार थोडी थोडी देर के लिए बारिश हुई वही कई क्षेत्रो मे लोगो को बिजली की अघोषित कटौती का सामना भी करना पडा।
933.81 मिमी बारिश, सामान्य से 117.51 मिमी ज्यादा
शिवपुरी जिले में 1 जून 2026 से 12 सितंबर तक 933.81 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। जिले की सामान्य औसत वर्षा 816.3 मिमी है। इस लिहाज से अब तक सामान्य बारिश की तुलना में 117.51 मिमी अधिक पानी बरस चुका है। हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बारिश कम हुई है। 12 सितंबर 2025 तक जिले में 1376.91 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई थी, जबकि इस साल अब तक 933.81 मिमी बारिश हुई है। पिछले पूरे मानसून सीजन में जिले में कुल 1585.86 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
बैराड़ में सबसे ज्यादा, कोलारस में सबसे कम
जिले की तहसीलों में अब तक सबसे अधिक बारिश बैराड़ में 1055 मिमी दर्ज हुई है। इसके बाद करैरा में 978.60 मिमी, बदरवास में 975.50 मिमी, पोहरी में 958 मिमी, पिछोर में 954 मिमी, शिवपुरी में 946.90 मिमी, नरवर में 930 मिमी, खनियाधाना में 818.50 मिमी और कोलारस में 787.80 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।
8 फीडरों पर दो घंटे बिजली बंद
बिजली कंपनी के अनुसार 33/11 केवी डाकबंगला उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले हॉस्पिटल, न्यूब्लॉक, खुड़ा, जलमंदिर, कमलागंज, कोर्ट, विवेकानंद और नमो नगर फीडर** पर 13 सितंबर को मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा। इसके चलते इन फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में सुबह **10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं से आवश्यक काम पहले निपटा लेने की अपील की है।
इन इलाकों में प्रभावित रहेगी बिजली सप्लाई
कटौती के दौरान नवाब साहब रोड, कोर्ट रोड, बजरंग कॉलोनी, चंद्रा कॉलोनी, हाथीखाना, गांधी पार्क, न्यूब्लॉक, आर्य समाज रोड, टेकरी, शक्तिपुरम खुड़ा, नई पुलिस लाइन, गौतम विहार, कीजरीधाम कॉलोनी, नक्षत्र गार्डन, शास्त्री कॉलोनी, जलमंदिर, मीट मार्केट, बैंक कॉलोनी, बाबू क्वार्टर, नवग्रह मंदिर, कलेक्टर आवासीय बंगला, तहसील के आसपास का क्षेत्र, विवेकानंद, पुराना टोल टैक्स, डीजे साहब की कोठी और नमो नगर कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।