शिवपुरी। जिलेभर के अतिथि शिक्षकों ने रविवार को विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक एकत्रित होकर रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने धरना देकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई और मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर 2 सितंबर 2023 की अतिथि शिक्षक महापंचायत में की गई घोषणाओं को लागू करने की मांग की। शिक्षकों की मांग है कि उनको भी नियमित किया जाए। प्रदर्शन में पोहरी से कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह भी हाथ में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
उन्होंने अतिथि शिक्षकों के समर्थन में सरकार पर वादा खिलाफी और उनके साथ अन्याय करने के आरोप लगाए। विधायक ने कहा कि अतिथि शिक्षक पिछले 18 वर्षों से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की तरह ही पूरी मेहनत से काम कर रहे है, इसके बाद भी सरकार उनके भविष्य को लेकर कोई ठोस कदम नही उठा रही। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
अतिथि शिक्षक सुरेंद्र मुदगल ने कहा कि सरकार 18 वर्षों से अतिथि शिक्षकों से सेवाएं ले रही है। यदि अतिथि शिक्षक योग्य नहीं हैं तो सरकार उन्हें इतने वर्षों से काम पर क्यों रखे हुए है। उन्होंने कहा कि 2 सितंबर 2023 को आयोजित अतिथि शिक्षक महापंचायत में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण सहित उनके भविष्य को सुरक्षित करने की घोषणाएं की थीं, लेकिन इन घोषणाओं पर अब तक अमल नहीं हुआ।
मंत्री मुदगल ने केंद्रीय ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी अतिथि शिक्षकों को दिए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों के साथ आश्वासन के नाम पर छलावा किया गया है। आम अतिथि शिक्षक संघ जिला शिवपुरी के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में अतिथि शिक्षकों ने गुरुजियों की तर्ज पर विशेष विभागीय परीक्षा आयोजित कर वर्षों से कार्यरत अतिथि शिक्षकों को नियमित करने की मांग की। साथ ही सत्र के बीच अतिथि शिक्षकों को सेवा से बाहर नहीं करने और पूरे 12 माह का सेवा अनुबंध सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।