शिवपुरी। शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर आज पोहरी के ग्राम भदरौली की दो बच्चियों सहित उनके पिता शिकायत लेकर पहुंचे,पिता का आरोप हैं कि मेरी बेटियां पास के खेत पर पीने का पानी लेने गई तो दो बच्चियों को न केवल गालियां देकर भगाया गया, बल्कि उनके रास्ते में तार फेंसिंग में करंट छोड़ दिया गया। इस घटना में एक बच्ची बुरी तरह झुलस गई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि पोहरी पुलिस और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद आज दिनांक तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पीड़ित परिवार एसपी के पास न्याय की गुहार लगाने पहुंचा।
जानकारी के अनुसार निवासी ग्राम भदरौली तहसील पोहरी के रहने वाले मनोज बंजारा पुत्र हाकिम बंजारा ने बताया कि उनकी दो पुत्रियां, पूजा और छोटी बेटी रिब्बी, ग्राम भदरोनी स्थित अपने खेत से पानी पीने के लिए कट्टी लेकर पास ही के जिहानसिंह पाल के बोर ट्यूबवेल पर गई थीं।
वहीं पानी भरने के दौरान जिहानसिंह पाल, उसके पिता गजनलाल पाल और परिवार की महिलाओं ने बच्चियों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें मारने के लिए दौड़े।
पूजा का हाथ पूरी तरह झुलसा
डर के मारे जब बच्चियां वहां से भागने लगीं, तो आरोपियों ने जानबूझकर तार फेंसिंग में करंट का तार डाल दिया। भागते समय बड़ी बेटी पूजा इस करंट वाले तार से चिपक गई। छोटी बहन रिब्बी के चीखने-चिल्लाने पर पास के खेत में मौजूद ब्रजमोहन धाकड़ मौके पर पहुंचे और किसी तरह पूजा को करंट से छुड़ाया। इस हादसे में पूजा का हाथ बुरी तरह झुलस गया है।
इलाज का झांसा देकर अब दे रहे धमकियां
पीड़ित पिता मनोज बंजारा ने बताया कि घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट करने की बात कही, तो आरोपियों ने राजीनामा करते हुए पूजा का संपूर्ण इलाज कराने और इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया था। लेकिन अब वे अपने वादे से मुकर गए हैं। जब पीड़ित परिवार ने इलाज के पैसे मांगे, तो आरोपी उल्टे उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।
थाने से लेकर सीएम हेल्पलाइन तक निराशा
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने इस गंभीर घटना की शिकायत पुलिस थाना पोहरी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप में दी और सीएम हेल्पलाइ पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज दिनांक तक आरोपियों के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
एसपी से की कार्रवाई की मांग
पोहरी पुलिस की इस उदासीन कार्यप्रणाली से निराश होकर मनोज बंजारा ने शिवपुरी एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।