शिवपुरी,बिजली गायब हुई ग्रामीणो ने पकड लिया चोरो को, लाखों का तार बरामद

vikas
0
shivputi-samachar

बदरवास।
बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने इस बार केवल शिकायत करने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरी रात गांव की सुरक्षा का जिम्मा खुद संभाल लिया। उनकी सतर्कता रंग लाई और 11 केवी बिजली लाइन के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया। ग्रामीणों ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसमें से चोरी का बिजली तार बरामद किया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दूसरे को वाहन सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना बदरवास तहसील के बकसपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार सुमेला से बकसपुर तक करीब 14 से 15 बिजली खंभों से 11 केवी लाइन का तार चोरी कर लिया गया था। तार चोरी होने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने खुद ही रात में गांव आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखना शुरू कर दिया। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे गांव के रहने वाले धर्मेंद्र यादव सहित अन्य ग्रामीण निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एमपी-04 वाई क्यू-9585 नंबर की एक पिकअप गांव की ओर आती दिखाई दी।

वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर को सड़क पर आड़ा खड़ा कर पिकअप को रोक लिया। वाहन रुकते ही उसमें सवार दो युवकों से पूछताछ की गई। दोनों ने अपने नाम समीर खान और सलमान खान बताए। पूछताछ के दौरान मौका देखकर सलमान खान अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि समीर खान ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।

ग्रामीणों ने जब पिकअप की तलाशी ली तो उसमें 11 केवी बिजली लाइन का तार बंडल के रूप में रखा मिला। ग्रामीणों का कहना है कि यह वही तार था, जिसे बंद पड़ी बिजली लाइन के खंभों से काटकर चोरी किया गया था।

इसके बाद ग्रामीणों ने समीर खान, चोरी का तार और पिकअप वाहन को बदरवास पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का वास्तविक नाम क्या है, उसके साथ और कौन-कौन लोग इस गिरोह में शामिल हैं तथा जिले में हुई अन्य बिजली तार चोरी की वारदातों से इनका कोई संबंध तो नहीं है।

ग्रामीणों की सतर्कता बनी मिसाल
इस घटना ने साबित कर दिया कि यदि ग्रामीण संगठित होकर सतर्क रहें तो अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेरा जा सकता है। वहीं अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ पूरे चोरी गिरोह का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। उम्मीद की जा रही है कि पूछताछ के बाद जिले में हुई अन्य बिजली तार चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!