Shivpuri News- मै आपका विधायक नही,बच्चे को बनाया विरोध का हथियार, जनचौपाल मे हंगामा

vikas
0
shivpuri-news

शिवपुरी।
शिवपुरी जिले की नरवर तहसील में आयोजित भाजपा विधायक रमेश खटीक की जनचौपाल उस समय विवादों में घिर गई, जब पोहरी विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों की शिकायतें सुनने से कथित तौर पर इनकार कर दिया गया। इससे नाराज एक ग्रामीण ने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने पूरे कार्यक्रम को सुर्खियों में ला दिया। उसने अपने मासूम बच्चे को विधायक की कार के बोनट पर रख दिया। मौके पर मौजूद पुलिस और लोगों ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित हटाया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मैं आपका विधायक नहीं,कहकर लौटाए गए ग्रामीण
बुधवार को नरवर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में करैरा विधायक रमेश खटीक ने जनसमस्याओं के निराकरण के लिए जनचौपाल लगाई थी। इस दौरान पोहरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नानकपुर और बरखाड़ी के कई ग्रामीण भी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताने की कोशिश की, लेकिन विधायक ने यह कहते हुए सुनवाई से इनकार कर दिया कि *आप मेरे विधानसभा क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, इसलिए आपकी समस्याएं नहीं सुन सकता। इस बात को लेकर वहां मौजूद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और कुछ देर तक बहस और हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में अधिकांश ग्रामीण निराश होकर लौट गए।

मछली ठेकेदार और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
इसी दौरान बरखाड़ी निवासी जितेंद्र केवट और संतोष केवट अपने परिवार के साथ जनचौपाल पहुंचे। उनका आरोप था कि मछली पकड़ने के विवाद में ठेकेदार और उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस से शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जब जनचौपाल में भी उनकी बात नहीं सुनी गई तो जितेंद्र केवट का गुस्सा फूट पड़ा। विरोध दर्ज कराने के लिए उन्होंने अपने मासूम बच्चे को विधायक की कार के बोनट पर रख दिया। यह दृश्य देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अन्य लोगों ने तत्काल बच्चे को सुरक्षित हटाया और हालात को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद मामला शांत हो गया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

नरवर दो विधानसभा क्षेत्रों में बंटा है
गौरतलब है कि नरवर तहसील का क्षेत्र करैरा और पोहरी, दोनों विधानसभा क्षेत्रों में आता है। करैरा विधानसभा से भाजपा के रमेश खटीक विधायक हैं, जबकि पोहरी विधानसभा का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक कैलाश कुशवाह करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जनचौपाल में क्षेत्र की सीमा का हवाला देकर उन्हें वापस भेज दिया गया, जबकि उनका मानना था कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी बात सुनी जानी चाहिए थी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!