शिवपुरी। एक ओर गुना में तेज बारिश ने लोगों को राहत दी, तो दूसरी ओर श्योपुर जिले में करीब 35 मिनट तक बादल झमाझम बरसे। लेकिन शिवपुरी जिले की तस्वीर बिल्कुल अलग रही। यहां मानसून मानो रूठ गया हो। दिनभर आसमान में बादलों का जमघट लगा रहा, मगर बरसे तो सिर्फ कुछ बूंदें। लोग कहने लगे कि बादल शिवपुरी में सिर्फ विज्ञापन दिखाने आ रहे हैं, असली बारिश कहीं और हो रही है।
रविवार को शिवपुरी शहर का आसमान सुबह से ही बादलों से लदा रहा। मौसम ऐसा बना कि लोगों को उम्मीद जगी कि अब जोरदार बारिश होगी, लेकिन शाम तक इंतजार ही हाथ लगा। शाम करीब साढ़े सात बजे हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, जिससे सड़कें थोड़ी गीली हुईं, लेकिन गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। उल्टा हवा में नमी बढ़ने से लोग और ज्यादा परेशान हो गए।
35°C अधिकतम
विवार सुबह से ही वातावरण में नमी अधिक रहने के कारण तेज उमस महसूस की गई। सुबह नौ बजे के बाद धूप निकलते ही गर्मी का असर बढ़ गया। दोपहर तक कई इलाकों में गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो शनिवार की तुलना में करीब 2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहा।
किसानों की बढ़ी चिंता
मानसून की सुस्त चाल का सबसे ज्यादा असर खेती-किसानी पर दिखाई दे रहा है। जिले के कई किसान अच्छी बारिश के इंतजार में बोवनी टाल रहे हैं, जबकि कुछ किसान अधूरी बोवनी करने को मजबूर हैं। जिन इलाकों में हल्की बारिश हुई है, वहां भी खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार और अच्छी बारिश होने के बाद ही खरीफ फसलों की बोवनी रफ्तार पकड़ सकेगी।
अब नजरें अगले दौर की बारिश पर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में बादल फिर सक्रिय हो सकते हैं और जिले के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फिलहाल शिवपुरी के लोग, किसान और व्यापारी सभी एक ही सवाल पूछ रहे हैं.आखिर मानसून शिवपुरी पर कब मेहरबान होगा? गुना और श्योपुर की झमाझम बारिश के बीच शिवपुरी अभी भी बादलों की बेरुखी झेल रहा है, और शहर की निगाहें आसमान पर टिकी हुई हैं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।